
असम के निर्वतमान मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा एक बार फिर राज्य के मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं। उन्हें राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन विधायक दल का नेता चुना गया है। वे 12 मई को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। इस समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्रिमंडल के कई बड़े नेताओं के शामिल होने की उम्मीद है। सरमा लगातार दूसरी बार राज्य के मुख्यमंत्री बनेंगे।
असम विधानसभा चुनाव में भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए ने एकतरफा जीत हासिल की है। एनडीए को कुल 102 सीटें मिली हैं, जो पिछले चुनावों से 27 ज्यादा है। एनडीए में शामिल भाजपा ने 82, असम गण परिषद और बीपीएफ ने 10-10 सीटें हासिल की हैं। वहीं, कांग्रेस गठबंधन ने केवल 21 सीटें जीती हैं, जो पिछले चुनावों के मुकाबले 29 कम हैं। अन्य को 3 सीटों पर जीत मिली है।
सरमा कभी राज्य में कांग्रेस का अहम चेहरा और रणनीतिकार थे। तरुण गोगोई के साथ कथित मतभेदों के चलते 2015 में उन्होंने कांग्रेस छोड़ दी और भाजपा के साथ हो लिए। वे 2001 से लगातार विधायक हैं।
10 मई, 2021 को सरमा पहली बार असम के मुख्यमंत्री बने थे। अब 12 मई को वे दूसरी बार पद की शपथ लेंगे। सरमा के नेतृत्व में ही एनडीए ने हालिया विधानसभा चुनाव लड़ा था।

