छत्तीसगढ़राज्य

बस्तर दशहरा पर्व के मद्देनजर ट्रैफिक एडवाइजरी जारी, आम जनता से सहयोग प्रदान करने की अपील

जगदलपुर। पुलिस प्रशासन द्वारा ऐतिहासिक बस्तर दशहरा पर्व के अवसर पर श्रद्धालुओं की अत्यधिक भीड़ के मद्देनजर जगदलपुर शहर में सुगम यातायात के लिए टेªफिक एडवाईजरी जारी की गई है। जिसके तहत मां दंतेश्वरी मंदिर की ओर आने वाली चार पहिया वाहन एवं भारी वाहनों के लिए यातायात व्यवस्था में परिवर्तन किया गया है। जारी ट्रैफिक एडवाईजरी के अनुसार प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से रात्रि 12 बजे तक चार पहिया एवं भारी वाहन के लिए प्रतिबंधित मार्ग निर्धारित किया गया है। जिसमें मां दंतेश्वरी मंदिर परिसर के चारों ओर, संजय मार्केट से मिताली चौक तक, एसबीआई चौक से गोल बाजार की ओर, एमएलबी स्कूल से गोल बाजार की ओर, स्वर्गीय बलीराम कश्यप चौक से सिरहासार की ओर, दामोदर पेट्रोल पम्प से दंतेश्वरी मंदिर की ओर, दुर्गा चौक से तिवारी बिल्डिंग की ओर तथा ठाकुर रोड गली से गोल बाजार की ओर जाने वाली मार्ग शामिल हैं।

पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा के निर्देशानुसार उप पुलिस अधीक्षक यातायात द्वारा जारी ट्रैफिक एडवाइजरी में आम जनता से अपील करते हुए कहा गया है कि ऐतिहासिक बस्तर दशहरा पर्व बस्तर ही नहीं देश का एक महापर्व है, ऐसे में देश-विदेश से भी पर्यटक व सैलानी बस्तर पहुंचते हैं। इनके साथ समूचे बस्तर अंचल से हजारों की संख्या में ग्रामीण एवं श्रद्धालु दंतेश्वरी माई जी के दर्शन करने और बस्तर दशहरा देखने के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में ट्रैफिक व्यवस्था सुव्यवस्थित होने से बस्तर की एक अलग पहचान बनकर सामने आएगी, जो बस्तर वासियों के लिए भी एक गौरव का विषय होगा। इसलिए आम जनता व जनप्रतिनिधियों से पुलिस व प्रशासन की अपील है कि अपने विवेक का परिचय देते हुए इस पर्व के दौरान उपरोक्त निर्धारित मार्गों पर चार पहिया वाहनों का उपयोग करने से बचें और सुगम आवागमन के लिए प्रशासन को सक्रिय सहयोग प्रदान करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button