छत्तीसगढ़राज्य

बेस्ट स्कूल संस्कार सिटी स्कूल राजनांदगांव,ओवर ऑल बेस्ट परफॉर्मेंस डी ए वी स्कूल मोनेट।

आंजनेय यूनिवर्सिटी सृजन 5.0 का भव्य समापन, बच्चों की प्रतिभा को मिला सम्मान

किसी ने खेल के मैदान में दमखम दिखाया, किसी ने सुरों से दिल जीता, तो किसी ने नृत्य, तकनीक और रचनात्मकता से अपनी पहचान बनाई। आंजनेय यूनिवर्सिटी में आयोजित छत्तीसगढ़ के सबसे बड़े इस स्कूल टैलेंट हंट में खेल, कला, संस्कृति और तकनीकी का तीन दिवसीय अंतरविद्यालयीन महोत्सव ‘सृजन 5.0’ का शनिवार को उत्साह और उमंग के साथ समापन हुआ। बेस्ट स्कूल संस्कार सिटी स्कूल राजनांदगांव ओवर ऑल बेस्ट परफॉर्मेंस डीएवी स्कूल मोनेट को सम्मानित किया गया। पुरस्कार मिलने पर बच्चों के चेहरों पर खुशी देखने को मिली। आंजनेय यूनिवर्सिटी और रोटरी क्लब ऑफ रायपुर ग्रेटर के संयुक्त तत्वावधान में 8 से 10 अक्टूबर तक आयोजित इस महोत्सव में करीब 250 स्कूलों के लगभग 7 हजार प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। चांसलर श्री अभिषेक अग्रवाल ने कहा कि सृजन 5.0 विद्यार्थियों की बहुआयामी प्रतिभाओं को पहचानने और उन्हें आगे बढ़ाने की पहल है। खेल, संस्कृति, कला और नवाचार का संगम विद्यार्थियों को अपनी क्षमताओं को नए आयाम देने के लिए प्रेरित करता है। ऐसे आयोजन युवाओं में आत्मविश्वास और सकारात्मक प्रतिस्पर्धा की भावना को बढ़ावा देते हैं। मुख्य अतिथि श्री कांतिलाल जैन जिला संयोजक शिक्षा प्रकोष्ठ ने कहा कि शिक्षा के साथ खेल और रचनात्मक गतिविधियां विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। डायरेक्टर डॉ. जयेंद्र नारंग ने कहा कि सृजन 5.0 का उद्देश्य केवल प्रतियोगिताओं के विजेता चुनना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में रचनात्मकता, सहयोग और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करना भी है। धन्यवाद ज्ञापन डायरेक्टर एकेडमी डॉ संध्या वर्मा ने किया।

तीन लाख रुपए तक के नकद पुरस्कार
आयोजन में विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों के लिए कुल तीन लाख रुपए तक के नकद पुरस्कार दिये गये। सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र बांटे गए। पुरस्कारों ने विद्यार्थियों की मेहनत को प्रोत्साहित करने के साथ उन्हें भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा दी।

फैशन शो में दिखा आत्मविश्वास और रचनात्मकता का संगम
फैशन शो में विद्यार्थियों ने अपनी वेशभूषा, व्यक्तित्व, मंचीय प्रस्तुति और आत्मविश्वास से दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया।

खेल से लेकर कोडिंग तक दिखाई प्रतिभा
सृजन 5.0 में खेलकूद, सांस्कृतिक, शैक्षणिक और तकनीकी श्रेणियों में विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। कबड्डी, क्रिकेट, वॉलीबॉल, बैडमिंटन और योग जैसी खेल गतिविधियों के साथ वाद-विवाद, तात्कालिक भाषण, गायन, बैंड, नृत्य, रंगोली, मेहंदी, फोटोग्राफी, मॉडल मेकिंग, कोड योद्धा, माइंड मास्टर क्विज और फायरलेस कुकिंग में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

यादों और नई प्रेरणा के साथ विदा हुए विद्यार्थी
तीन दिनों तक चले सृजन 5.0 ने विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने, नए मित्र बनाने और विभिन्न विद्यालयों के प्रतिभागियों के साथ अनुभव साझा करने का अवसर दिया। विजेताओं के लिए पुरस्कार गर्व का क्षण बने, वहीं अन्य प्रतिभागियों ने भी नई सीख और आगे बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा हासिल की। खेल, संस्कृति, तकनीक और रचनात्मकता के संगम के साथ सृजन 5.0 का समापन विद्यार्थियों के लिए यादगार अनुभव बन गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button