
दिल्ली । 2022 में रूस द्वारा यूक्रेन पर हमले के बाद से, भारत 13 पूर्वी और मध्य यूरोपीय देशों को हथियार सप्लाई करने में 28वें पायदान से छलांग लगाकर दूसरे स्थान पर पहुंच गया है। यूक्रेन युद्ध के चलते जब यूरोपीय देश हथियारों के नए सप्लायर की तलाश में थे, तो भारतीय कंपनियों ने पोलैंड और रोमानिया जैसे 13 देशों को कम से कम 87.2 करोड़ डॉलर मूल्य के आर्टिलरी शेल, मोर्टार राउंड, प्रोपेलेंट और विस्फोटक का निर्यात किया।
युद्ध से पहले के वर्षों के मुकाबले यह 1,600 प्रतिशत से भी ज्यादा की बहुत बड़ी बढ़ोतरी है। यह बढ़ोतरी भारत के हालिया वित्तीय वर्षों के रिकॉर्ड रक्षा निर्यात के रुझानों से भी मेल खाती है। भारत भले ही यह दावा करता है कि वह सीधे यूक्रेन को हथियार नहीं देता, लेकिन उसके कुछ गोला-बारूद यूरोपीय खरीदारों के जरिए वहां तक पहुंच जाते हैं।


