धनश्री वर्मा का बड़े पर्दे पर डेब्यू, तेलुगु फिल्म ‘हे कन्नम्मा’ में निभाएंगी लीड रोल

डांसर और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर धनश्री वर्मा अब अभिनय की दुनिया में कदम रखने जा रही हैं। भारतीय क्रिकेटर युजवेंद्र चहल से अलग होने के बाद धनश्री अपने जीवन में नई शुरुआत करते हुए तेलुगु फिल्म ‘हे कन्नम्मा’ से बतौर मुख्य अभिनेत्री डेब्यू करने जा रही हैं। फिल्म का पहला पोस्टर और आधिकारिक टीजर जारी हो चुका है, जिसे लेकर उनके प्रशंसकों में खासा उत्साह है।
दिल राजू प्रोडक्शंस के साथ नई शुरुआत
फिल्म का निर्माण दिल राजू प्रोडक्शंस कर रहा है। धनश्री के साथ यशवंत मास्टर और कार्तिका मुरलीधरन भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। धनश्री ने सोशल मीडिया पर फिल्म का पोस्टर और टीजर साझा करते हुए अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि बतौर लीड एक्ट्रेस यह उनकी पहली फिल्म है और तेलुगु सिनेमा में कदम रखना उनके लिए बेहद खास अनुभव है। दिल राजू प्रोडक्शंस के साथ इस नए सफर की शुरुआत को लेकर भी उन्होंने उत्साह जताया।


