
सीढ़ियाँ चढ़ते समय साँस फूलना, सुबह उठते ही खाँसी होना या थोड़ी दूर चलने पर थकान महसूस होना। अक्सर लोग इन समस्याओं को बढ़ती उम्र या कमजोरी का असर समझकर नज़रअंदाज़ कर देते हैं। लेकिन कई बार ये फेफड़ों की बीमारी दीर्घकालिक सीओपीडी (क्रॉनिक ऑब्स्ट्रक्टिव पल्मोनरी डिजीज) के संकेत हो सकते हैं।
सीओपीडी में साँस की नलियाँ सिकुड़ने लगती हैं, जिससे हवा का फेफड़ों में आना-जाना मुश्किल हो जाता है। यह एक लंबे समय तक रहने वाली बीमारी है, जिसका नुकसान पूरी तरह ठीक नहीं किया जा सकता। हालांकि, समय पर पहचान और सही इलाज से इसके लक्षणों को नियंत्रित कर मरीज बेहतर और सक्रिय जीवन जी सकता है।
लक्षणों को सामान्य समझकर न टालें
सीओपीडी के लक्षण धीरे-धीरे बढ़ते हैं। लंबे समय तक खाँसी रहना, बार-बार बलगम आना, साँस लेते समय सीटी जैसी आवाज़ आना, सीने में जकड़न और लंबे समय तक चलने पर साँस फूलना इसके प्रमुख लक्षण हैं।
विशेष रूप से 40 वर्ष से अधिक उम्र के वे लोग, जो धूम्रपान करते हैं या पहले कर चुके हैं, अथवा लंबे समय तक धूल, धुएँ और रासायनिक गैसों के संपर्क में रहते हैं, उन्हें इन संकेतों पर ध्यान देना चाहिए।
सही जाँच से ही बीमारी की पहचान
सिर्फ खाँसी या साँस फूलने का मतलब सीओपीडी होना नहीं है। इसकी पुष्टि के लिए स्पाइरोमेट्री एक महत्वपूर्ण जाँच है। यह आसान और बिना दर्द वाली प्रक्रिया है, जिसमें मरीज को मशीन से जुड़ी एक ट्यूब में पूरी ताकत से साँस बाहर छोड़नी होती है। इससे फेफड़ों की कार्यक्षमता और हवा बाहर निकालने की क्षमता का पता चलता है।
इन्हेलर से डरें नहीं, सही तरीके से अपनाएँ
सीओपीडी के इलाज में इन्हेलर की अहम भूमिका है। कई लोग मानते हैं कि इन्हेलर की आदत पड़ जाती है या इसका इस्तेमाल बीमारी बढ़ने पर ही करना चाहिए, जबकि यह सही नहीं है। इन्हेलर से दवा सीधे फेफड़ों तक पहुँचती है। डॉक्टर की सलाह के अनुसार इसका नियमित और सही इस्तेमाल साँस लेने में राहत देने तथा बीमारी के अचानक बिगड़ने की आशंका कम करने में मदद करता है।
छोटी आदतें, फेफड़ों के लिए बड़ा बदलाव
धूम्रपान छोड़ना सीओपीडी के मरीजों के लिए सबसे महत्वपूर्ण कदमों में से एक है। सिगरेट, बीड़ी, हुक्का और ई-सिगरेट के साथ दूसरों के धुएँ से भी बचें। रसोई का धुआँ, वायु प्रदूषण और कार्यस्थल पर मौजूद धूल व रासायनिक गैसें भी फेफड़ों को नुकसान पहुँचा सकती हैं। स्वच्छ ईंधन का इस्तेमाल करें और हवा के उचित आवागमन का ध्यान रखें।
इसके साथ ही नियमित टहलना, अपनी क्षमता के अनुसार हल्का व्यायाम और साँस लेने के अभ्यास फायदेमंद हो सकते हैं। पल्मोनरी रिहैबिलिटेशन के तहत विशेषज्ञ मरीज को सही व्यायाम और साँस लेने की तकनीक सिखाते हैं, जिससे रोजमर्रा के काम करना आसान हो सकता है।
साँसों का ध्यान रखना भी जरूरी है
सीओपीडी का मतलब जीवन की गतिविधियों पर विराम लगना नहीं है। सही इलाज, नियमित दवाएँ, इन्हेलर का सही इस्तेमाल और डॉक्टर से समय-समय पर जाँच करवाकर इसके साथ बेहतर जीवन जिया जा सकता है।
यदि आपको या आपके परिवार में किसी को लंबे समय से खाँसी, बलगम या साँस फूलने की समस्या है, तो इसे उम्र का असर समझकर न टालें। समय पर विशेषज्ञ से सलाह लें।
इस विश्व सीओपीडी दिवस पर आइए, अपने फेफड़ों की सेहत को प्राथमिकता दें और दूसरों को भी जागरूक करें। क्योंकि खुलकर साँस लेना सिर्फ सेहत नहीं, बेहतर जीवन जीने की जरूरत है।


