सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय का कानपुर-कबराई राजमार्ग रसद और कृषि की तस्वीर बदलेगा

इस महीने की शुरुआत में आर्थिक मामलों की कैबिनेट समिति (सीसीईए) द्वारा अनुमोदित कानपुर-कबराई (4/6 लेन एक्सेस-कंट्रोल्ड) राजमार्ग, मध्य भारत के लिए एक क्रांतिकारी अवसंरचना परियोजना के रूप में उभरने को तैयार है। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय (एमओआरटीएच) के अधीन भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) द्वारा बनाई जाने वाली, 117.7 किलोमीटर लंबी यह ग्रीनफील्ड राजमार्ग, जिसकी अनुमानित लागत 7,145 करोड़ है, भोपाल-कानपुर आर्थिक गलियारे का एक महत्वपूर्ण अंश है। यह परियोजना बुंदेलखंड के खनिज समृद्ध क्षेत्रों, औद्योगिक समूहों और कृषि प्रधान क्षेत्रों को निर्बाध रूप से प्रमुख उपभोग केंद्रों से जोड़कर न केवल रसद को मजबूत करेगी, और औद्योगिक संपर्क को बढ़ाएगी बल्कि किसानों को बाजार तक पहुंच बनाने में भी मदद करेगी। खनिजों, निर्मित वस्तुओं और कृषि उत्पादों की जल्दी और अधिक कुशल आवागमन को संभव बनाकर, इस गलियारे से माल ढुलाई लागत में कमी आने, आपूर्ति दक्षता में सुधार होने, निवेश बढ़ने, रोजगार सृजन होने और समावेशी क्षेत्रीय विकास को गति मिलने की उम्मीद है। यह परियोजना एक परिवहन गलियारे से अधिक, खदानों को बाजारों से जोड़ने और बुंदेलखंड की आर्थिक क्षमता को उजागर करने में एक रणनीतिक निवेश का प्रतिनिधित्व करता है।
मध्य भारत के लॉजिस्टिक्स नेटवर्क को सशक्त बनाना
कानपुर-कबराई राजमार्ग बुंदेलखंड में माल ढुलाई को काफी हद तक बेहतर बनाएगा। यह राजमार्ग कबराई खनन क्षेत्र (जो उत्तरी भारत में खनिज और निर्माण सामग्री के प्रमुख स्रोतों में से एक है) को कानपुर और भोपाल सहित प्रमुख औद्योगिक और शहरी केंद्रों को जोड़कर एक तीव्र, और नियंत्रित मार्ग प्रदान करेगा। खनिज संसाधनों की तेज और अधिक विश्वसनीय आवाजाही से परिवहन लागत कम होगी, ईंधन की खपत घटेगी और माल ढुलाई ऑपरेटरों की परिचालन दक्षता में सुधार होगा।
इस परियोजना से मौजूदा राजमार्गों पर भीड़ कम होगी, औद्योगिक आपूर्ति श्रृंखलाओं की विश्वसनीयता बढ़ेगी और पूरे क्षेत्र में माल की सुगम आवाजाही सुनिश्चित होगी। कानपुर और कबराई के बीच यात्रा का समय लगभग 3.5 घंटे से घटकर लगभग 1.5 घंटे होने की उम्मीद है, जिससे माल ढुलाई में तेजी आएगी और पीएम गति शक्ति के आर्थिक एवं रसद केंद्रों से संपर्क मजबूत होगा। इससे औद्योगिक विकास और निवेश के लिए एक मजबूत आधार तैयार होगा।
किसानों के लिए बाजार पहुंच का विस्तार करना
यह राजमार्ग रसद व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ बुंदेलखंड के किसानों के बाजार तक पहुंच में सुधार करेगा, जिससे कृषि उपज को मंडियों, प्रसंस्करण इकाइयों और उपभोग केंद्रों तक तेजी से पहुंचाया जा सकेगा। यात्रा समय घटने से जल्दी खराब होने वाली वस्तुओं की गुणवत्ता बनाए रखने, फसल कटाई के बाद होने वाले नुकसान को कम करने और परिवहन लागत को घटाने में मदद मिलेगी, जिससे किसानों को अपनी उपज का बेहतर मूल्य प्राप्त हो सकेगा।
बेहतर कॉरिडोर से बीज, उर्वरक, कृषि मशीनरी और अन्य कृषि सामग्री की आवाजाही आसान हो जाएगी, जिससे कृषि उत्पादकता बढ़ेगी और ग्रामीण उत्पादक क्षेत्रीय और राष्ट्रीय बाजारों से जुड़ सकेंगे। बेहतर कनेक्टिविटी से कृषि मूल्य श्रृंखला में नए आर्थिक अवसर पैदा होने और ग्रामीण आय में वृद्धि होने की उम्मीद है।
बुनियादी ढांचे के माध्यम से क्षेत्रीय समृद्धि को बढ़ावा देना
कानपुर-कबराई राजमार्ग, आर्थिक परिवर्तन के लिए उत्प्रेरक का काम करने वाले विश्व स्तरीय परिवहन अधोरचना के निर्माण के प्रति सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की प्रतिबद्धता दर्शाता है। खनन क्षेत्रों, औद्योगिक समूहों और कृषि प्रधान क्षेत्रों को प्रमुख विकास केंद्रों से जोड़कर, यह परियोजना आपूर्ति श्रृंखलाओं को मजबूत कर, व्यापार को सुगम बनाएगी और बुंदेलखंड में निवेश को प्रोत्साहित करेगी। भोपाल-कानपुर आर्थिक गलियारे के एक महत्वपूर्ण घटक के रूप में, यह संतुलित क्षेत्रीय विकास को बढ़ावा देगा, रोजगार सृजित करेगा और अधिक संयोजित, प्रतिस्पर्धी और समृद्ध मध्य भारत की नींव रखेगा।


