
राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने संगठित सोने की तस्करी करने वाले गिरोहों पर अपनी निरंतर कार्रवाई जारी रखते हुए, देश भर में खुफिया जानकारी पर आधारित कई अभियान चलाए हैं, जिसके परिणामस्वरूप 27 किलोग्राम से अधिक विदेशी मूल का तस्करी किया हुआ सोना जब्त किया गया और 12 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इन अभियानों में सोने को छुपाने के परिष्कृत तरीकों का खुलासा हुआ, जिनमें विमान के शौचालयों के अंदर, वाहनों और बर्तनों में विशेष रूप से निर्मित गुप्त गुहाओं में, और शरीर पर/शरीर के भीतर छुपाने के तरीके शामिल हैं। इससे संगठित तस्करी गिरोहों द्वारा अपनाए जा रहे बदलते तौर-तरीकों का पता चलता है।
विशिष्ट खुफिया जानकारी के आधार पर, मुंबई स्थित डीआरआई अधिकारियों ने 23-24 जुलाई 2026 को अदीस अबाबा से आ रहे तीन यात्रियों को रोका और विमान की गहन तलाशी के बाद, विमान के पिछले शौचालय की छत के पैनल के अंदर छिपाए गए लगभग 12 किलोग्राम वजन के 6 विदेशी मूल की सोने की ईंटें बरामद की। जांच में पता चला कि यात्रियों ने सोना इस उद्देश्य से छिपाया था कि बाद में हवाई अड्डे के कर्मचारी इसे निकाल लें। सोना जब्त कर लिया गया और तीनों यात्रियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

23 जुलाई 2026 को, विशिष्ट सूचना के आधार पर, डीआरआई के अधिकारियों ने उत्तर प्रदेश में ब्रह्मपुत्र मेल में यात्रा कर रही एक महिला यात्री को रोका और उसकी कमर की बेल्ट और हैंडबैग में छिपाई गई लगभग 5 किलोग्राम वजन की 42 विदेशी मूल की सोने की ईंटें बरामद कीं। यात्री ने स्वीकार किया कि सोने की तस्करी बांग्लादेश के रास्ते भारत में की गई थी। सोना जब्त कर लिया गया और यात्री को गिरफ्तार कर लिया गया ।

22-23 जुलाई 2026 को मुंबई हवाई अड्डे पर एक अन्य खुफिया-आधारित अभियान में , डीआरआई अधिकारियों ने एक तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया, जो सोने की धूल को मोम के रूप में छुपाने के लिए विमान के शौचालयों का इस्तेमाल कर रहा था। बाद में मिलीभगत में शामिल विमान के सफाई कर्मचारियों द्वारा इसे निकाल लिया जाता था। इस अभियान के परिणामस्वरूप 3.7 किलोग्राम सोने की धूल जब्त की गई और वाहक, सफाई कर्मचारी, हैंडलर और प्राप्तकर्ता सहित पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया।
19-20 जुलाई 2026 को, डीआरआई के अधिकारियों ने कोलकाता रेलवे स्टेशन पर एक यात्री को रोका और विशेष रूप से निर्मित बर्तनों के अंदर चतुराई से छिपाए गए 4.6 किलोग्राम विदेशी मूल के सोने को बरामद किया। जांच में पता चला कि तस्करी का यह सोना म्यांमार के रास्ते भारत में तस्करी करके लाया गया था। सोना जब्त कर लिया गया और यात्री को गिरफ्तार कर लिया गया।


इस सप्ताह के दौरान, दो अलग-अलग अभियानों में, कोचीन और गुवाहाटी में डीआरआई अधिकारियों ने लगभग 2 किलोग्राम विदेशी मूल का सोना जब्त किया। कोचीन हवाई अड्डे पर, दुबई से आने वाले एक यात्री के शरीर के अंदर छिपा हुआ सोना बरामद किया गया, जबकि गुवाहाटी में, एक कार में विशेष रूप से बनाई गई गुप्त गुहा के अंदर छिपाए गए सोने के बिस्कुट जब्त किए गए। इन अभियानों में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया।


