
भिलाई। सूर्या टीआई मॉल स्थित सेंसेशन स्पा सेंटर में पुलिस ने शिकायत के आधार पर रेड कार्रवाई की। पुलिस को सेंटर में अवैध गतिविधियां संचालित होने की शिकायत मिली थी। हालांकि जांच के दौरान मौके पर किसी भी तरह की अनैतिक गतिविधि की पुष्टि नहीं हुई। पुलिस के अनुसार स्पा सेंटर मॉल की दूसरी मंजिल पर संचालित है। कार्रवाई के दौरान परिसर के अंदर युवतियों समेत अन्य लोग मौजूद मिले। पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ की और स्थिति का जायजा लिया।
मॉल प्रबंधन ने पुलिस को बताया कि जिस हिस्से में स्पा सेंटर संचालित है, वह सोल्ड प्रॉपर्टी है। प्रबंधन के मुताबिक वहां बिजली और पानी की सप्लाई भी बंद है। इसके बावजूद परिसर के भीतर लोगों की मौजूदगी मिलने पर पुलिस ने सभी को बाहर निकलवा दिया।


