दिल्लीराज्य

भारतीय नौसेना का पोत सुदर्शनी इटली के लिवोर्नो से रवाना

भारतीय नौसेना का प्रशिक्षण पोत आईएनएस सुदर्शिनी इटली के लिवोर्नो में सफल बंदरगाह यात्रा पूरी करने के बाद 12 सितंबर 2026 को वहां से रवाना हुआ। इस प्रवास के दौरान पोत के कर्मियों ने विभिन्न कार्य कुशलता संबंधी संवादों और संयुक्त प्रशिक्षण दौरों में भाग लिया। इन गतिविधियों से भारत व इटली के बीच मैत्रीपूर्ण संबंधों तथा समुद्री साझेदारी को और मजबूत करने में मदद मिली है।

इटली की नौसेना के प्रमुख एडमिरल ग्यूसेप बेरुट्टी बरगोट्टो ने आईएनएस सुदर्शिनी का दौरा किया और पोत के चालक दल तथा प्रशिक्षुओं से बातचीत की। इस दौरान उन्हें पोत की यात्रा और प्रशिक्षण गतिविधियों के बारे में जानकारी दी गई। आईएनएस सुदर्शिनी के कमांडिंग ऑफिसर ने इटली की नौसेना अकादमी के कमांडेंट रियर एडमिरल अल्बर्टो ताराबोट्टो से मुलाकात की और जारी अभियान के दौरान प्राप्त अनुभव साझा किए। इसके अलावा, लिवोर्नो के मेयर श्री लुका साल्वेटी और लिवोर्नो के उप-प्रिफेक्ट श्री एडोआर्डो लोम्बार्डी के साथ भी चर्चा हुई।

भारतीय नौसेना के प्रशिक्षुओं ने प्रशिक्षण आदान-प्रदान कार्यक्रम के तहत आईटीएस वर्जिनियो फासन और इटली की नौसेना अकादमी का दौरा किया, जबकि इटली की नौसेना के कर्मियों ने आईएनएस सुदर्शिनी का दौरा किया। इन गतिविधियों से कार्य कुशलता संबंधी सहयोग और आपसी समझ को बढ़ावा मिला। पोत पर एक स्वागत समारोह भी आयोजित किया गया, जिसमें इटली की नौसेना के वरिष्ठ अधिकारी, स्थानीय प्रशासन के अधिकारी, राजनयिक प्रतिनिधि और विशिष्ट अतिथि शामिल हुए।

आईएनएस सुदर्शिनी पोत ‘लोकायन 2026’ के तहत अपनी यात्रा जारी रखते हुए समुद्री साझेदारी की भावना और ‘महासागर’ (सभी क्षेत्रों में सुरक्षा एवं विकास के लिए आपसी और समग्र प्रगति) के दृष्टिकोण को आगे बढ़ा रहा है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button