Breaking News

कैलाश विजयवर्गीय ने जनता के साथ मनाया पर्व, राज्य मंत्री ने किया मेले का उद्घाटन, मकर संक्रांति पर लोगों ने लगाई अस्था की डुबकी

मकर संक्रांति के पर्व पर लाखों लोगों ने सोन नदी में आस्था की डुबकी लगाई।

मध्य प्रदेश -में मकर संक्रांति का पर्व हर्षोल्लास से मनाया गया। कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने इंदौर की जनता के साथ मकर संक्रांति मनाया। वहीं, सीधी जिले में इस पर्व के अवसर पर बड़ी संख्या में लोगों ने सोन नदी में आस्था की डुबकी लगाई। इधर, शहडोल जिले में मकर संक्रांति के उपलक्ष पर राज्य मंत्री दिलीप जायसवाल ने मेले का उद्घाटन किया।

अमित पाण्डेय, सीधी। मकर संक्रांति के पर्व पर लाखों लोगों ने सोन नदी में आस्था की डुबकी लगाई। इस दौरान जिला प्रशासन के कड़े इंतजाम रहे। जगह-जगह पुलिस बल मौजूद रहा। सोन नदी के जोगदहा घाट, कोलदहा घाट, भवरसेन घाट, गोपद घाट सहित अन्य छोटे छोटे घाटों में मेले भी लगे। वहीं, खाने पीने की दुकानों में खाद्य विभाग की गाइड लाइन की जमकर धज्जियां उड़ाई गई। बता दें कि पिछले साल मकर संक्रांति के मेले में चाट-फुल्की खाने से आधा सैकड़ा लोग बीमार हुए थे।

चंकी बाजपेयी, इंदौर। कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने इंदौर शहर की जनता को मकर संक्रांति की शुभकामनाएं दी और उनके साथ पर्व मनाया। मीडिया से बाचतीत के दौरान उन्होंने कहा कि सूर्य भगवान ने आज उत्तरायण में जा रहे हैं और आज से ही तिल-तिल दिन बढ़ेगा। कांग्रेस पर उठाए सवाल पर कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि विपक्ष भाजपा की जनहितैषी योजनाओं पर सवाल उठाता है। कांग्रेस हमेशा गरीबों की योजना की निंदा ही करती आई है। कभी भी योजना को बेहतर नहीं बताया है। जिन्होंने श्रीराम के अस्तित्व को नकारा था, उन्हें जनता नकार रही है और नकारेगी।

कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि कांग्रेस ने रामचरितमानस को उपन्यास बताया था। पूरे देश में श्रीराम वातावरण बन रहा है। अब कोई नमस्कार नहीं, जय श्रीराम कहता है। मिलिंद देवड़ा को लेकर उन्होंने कहा कि पढ़े-लिखे युवा हैं और वह समझ रहे हैं कि कांग्रेस में कुछ रखा नहीं है। युवा कांग्रेस के भविष्य को जान गए हैं। राहुल गांधी की यात्रा को लेकर उन्होंने ने कहा कि कितनी बार राहुल गांधी की लॉन्चिंग होगी। राहुल गांधी 20 साल से राजनीति में आए हैं, तब से उनकी लॉन्चिंग हो रही है।

अजयाविंद नामदेव, शहडोल। जिले में मकर संक्रांति पर आयोजित होने वाले ऐतिहासिक बाणगंगा मेले का राज्य मंत्री दिलीप जायसवाल ने परंपरागत तरीके से फीता काटकर उद्घाटन किया। सबसे पहले वह बाणगंगा मंदिर में पहुंचे, जहां उन्होंने पूजा अर्चना की। इसके बाद भजन मंडली के साथ सीताराम धुन गाते हुए मेले की ओर चले। फीता काटने के बाद धर्म ध्वज फहराया। कार्यक्रम में सांसद हिमाद्री सिंह, महिला वित्त विकास निगम की अध्यक्ष अमिता चपरा, विधायक मनीषा सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष घनश्याम जायसवाल, जिला अध्यक्ष भाजपा कमल प्रताप सिंह, जिला अध्यक्ष कांग्रेस सुभाष गुप्ता सहित समस्त पार्षद उपस्थित रहे।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button