
दिल्ली। केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने विश्व पर्यावरण दिवस 2026 के अवसर पर नई दिल्ली में इंडियन ऑयल के एक रिटेल आउटलेट पर ई85 फ्यूल लॉन्च किया। इस कार्यक्रम में पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी और सार्वजनिक क्षेत्र की तेल विपणन कंपनियों (ओएमसी) के सीएमडी भी उपस्थित थे।
ई85 उच्च-इथेनॉल वाला एक मिक्स्ड फ़्यूल है जिसमें 80-85 प्रतिशत इथेनॉल और 14-19 प्रतिशत पेट्रोल होता है। इसे विशेष रूप से फ़्लेक्स-फ़्यूल वाले वाहनों में इस्तेमाल के लिए बनाया गया है। इस पहल का उद्देश्य फ़्लेक्स-फ़्यूल वाले वाहनों (एफएफवी) को अपनाने को बढ़ावा देना है। ये वाहन ई20 से लेकर ई100 तक के इथेनॉल मिक्स पर चल सकते हैं, जिससे उपभोक्ताओं को एक ही तरह के मिश्रण तक सीमित नहीं रहना पड़ता।
इसकी शुरुआत देश भर में सार्वजनिक क्षेत्र की तेल विपणन कंपनियों के 48 रिटेल आउटलेट (आरओ) से हो रही है, जिससे फ्लेक्स-फ्यूल वाले वाहनों को उपयोग करने वालों को यह स्वच्छ ईंधन मिल सकेगा। इस पहल का देश भर में विस्तार किया जाएगा। इसे दिसंबर 2026 तक 500 रिटेल आउटलेट और दिसंबर 2027 तक लगभग 5000 रिटेल आउटलेट तक बढ़ाया जाएगा, जिससे 2030-31 तक भारत में इथेनॉल मिश्रण का कुल स्तर लगभग 26 प्रतिशत तक बढ़ाने में मदद मिलेगी।


