
हैदराबाद से चंडीगढ़ आ रही इंडिगो की फ्लाइट (6E108) में मंगलवार दोपहर लैंडिंग के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। मोहाली स्थित शहीद भगत सिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर विमान के लैंड होते ही एक यात्री के पावर बैंक में जोरदार धमाका हुआ और आग लग गई। इस घटना में शुरुआती जानकारी के अनुसार 5 लोग घायल हुए हैं, जिन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
अचानक केबिन में भरा काला धुआं
जानकारी के मुताबिक, विमान ने दोपहर करीब 3:32 बजे रनवे को छुआ था। विमान अभी पार्किंग वे की ओर बढ़ ही रहा था कि तभी 3 बजकर 35 मिनट पर सीट नंबर 39-F पर बैठे देवांश नामक यात्री के पास मौजूद पावर बैंक में अचानक स्पार्किंग हुई। यात्री ने तुरंत क्रू मेंबर्स को सूचना दी, लेकिन कुछ ही पलों में पावर बैंक फट गया। ब्लास्ट के बाद पूरी फ्लाइट के अंदर काला धुआं फैल गया, जिससे यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।

