Google Analytics
छत्तीसगढ़राज्य

दुर्ग में डबल मर्डर, पत्थर से सिर कुचला तो यहां टंगिया मारकर ले ली जान

दुर्ग। जिले में अपराध का ग्राफ तेजी से बढ़ता नजर आ रहा है। पिछले 48 घंटों के भीतर 5 हत्याओं ने इलाके में दहशत का माहौल बना दिया है। वहीं रविवार को ताजा दो मामलों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

पहला मामला जेवरा सिरसा चौकी क्षेत्र के करहीडीह का है, जहां एक युवक की बेरहमी से पत्थर से सिर कुचलकर हत्या कर दी गई। घटना सांस्कृतिक भवन के पास की बताई जा रही है, जहां सुबह राहगीरों ने लहूलुहान हालत में शव देखा और पुलिस को सूचना दी। मृतक की पहचान नारायण निषाद के रूप में हुई है, जो पिछले तीन वर्षों से यहां रह रहा था। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और हर एंगल से जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में घटना देर रात की बताई जा रही है। फिलहाल आरोपी की तलाश जारी है।

दूसरी घटना भिलाई के खुर्सीपार थाना क्षेत्र के बापूनगर की है, जहां आपसी रंजिश के चलते एक युवक की टंगिया मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान विक्रम सोना के रूप में हुई है, जो फेब्रिकेशन का काम करता था। बताया जा रहा है कि आरोपी और मृतक के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। सुबह फिर से झगड़ा बढ़ा, जिसके बाद आरोपी ने टंगिया से हमला कर दिया। गंभीर हालत में परिजन उसे सुपेला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

खुर्सीपार पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ जारी है। लगातार हो रही इन वारदातों ने इलाके में भय का माहौल बना दिया है। पुलिस दोनों ही मामलों में जांच कर रही है और आरोपियों की पृष्ठभूमि खंगाली जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button