अंशुला कपूर ने रचाई शादी, लॉन्गटाइम पार्टनर रोहन के साथ आई खूबसूरत तस्वीर

कपूर परिवार में इस समय खुशियों का माहौल बना हुआ है. एक्टर अर्जुन कपूर (Arjun Kapoor) की बहन अंशुला कपूर (Anshula Kapoor) ने अपने लॉन्गटाइम पार्टनर रोहन ठक्कर के साथ शादी रचा ली है. पिछले कई दिनों से शादी के प्री-वेडिंग फंक्शंस की तस्वीरें और वीडियोज सोशल मीडिया पर लगातार चर्चा में बने हुए थे. अब कपल की शादी की खूबसूरत तस्वीरें सामने आ गई हैं, जिन्हें फैंस और सेलेब्रिटीज भरपूर प्यार दे रहे हैं.
मुंबई के ताज लैंड्स होटल में आयोजित इस ग्रैंड वेडिंग समारोह में परिवार और करीबी दोस्त शामिल हुए. शादी के दौरान अंशुला कपूर (Anshula Kapoor) ने पीच रंग का खूबसूरत लहंगा पहन रखा था, जिसमें वो बेहद आकर्षक नजर आईं, जबकि दूल्हे रोहन ठक्कर (Rohan Thakkar) ने गोल्डन-ग्रे रंग की शेरवानी पहनकर अपने शाही लुक से सभी का ध्यान खींचा. वरमाला, सात फेरे और शादी के बाद रजिस्ट्रेशन तक के खास पलों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं.


