
रायपुर। राजधानी रायपुर के राजेंद्र नगर स्थित चौपाटी में रविवार दोपहर अचानक भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते आधा दर्जन दुकानें इसकी चपेट में आ गईं और जलकर पूरी तरह खाक हो गईं। घटना के दौरान एक दुकान में रखा गैस सिलेंडर ब्लास्ट होने से आग ने और विकराल रूप ले लिया। सिलेंडर फटने से संबंधित दुकान को भारी नुकसान पहुंचा है।
इस घटना के बाद चौपाटी में मौजूद लोगों के बीच दहशत का माहौल बन गया। आगजनी में दुकानों में रखा सामान, फर्नीचर और अन्य सामग्री जलकर नष्ट हो गई। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक इस अग्निकांड में लाखों रुपये का नुकसान होने की आशंका है।


