
बिलासपुर के चकरभाठा क्षेत्र में बुधवार सुबह एनीकट पार करते समय दो भाई तेज बहाव की चपेट में आकर नदी में गिर गए। हादसे में मगरउछला निवासी 58 वर्षीय किसान तीजाराम केंवट अरपा नदी में बह गए और लापता हैं। वहीं उनके छोटे भाई बबलू ने एनीकट की रेलिंग में फंसकर किसी तरह अपनी जान बचाई।
बताया गया कि दोनों भाई मस्तूरी-कोनी की ओर से अपने गांव लौट रहे थे। कोनी और मगरउछला के बीच बने एनीकट के ऊपर से पानी का तेज बहाव हो रहा था। एनीकट पार करते समय अचानक दोनों का संतुलन बिगड़ गया और वे नदी में गिर पड़े। बबलू रेलिंग के सहारे बाहर निकल आया, लेकिन तीजाराम तेज बहाव में बह गए।
घटना के बाद बबलू गांव पहुंचा और परिजनों व ग्रामीणों को हादसे की जानकारी दी। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण एनीकट के पास पहुंच गए। तीजाराम की तलाश के लिए स्थानीय स्तर पर प्रयास शुरू किए गए।


