उत्तराखंडराज्य

उत्तराखंड में मौसम बिगड़ा, बर्फबारी से पर्वतारोही और ट्रैकर फंसे!

उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में लगातार बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हो रही बर्फबारी ने मुश्किलें बढ़ा दी हैं। उत्तरकाशी के अलग-अलग उच्च हिमालयी क्षेत्रों में 136 पर्वतारोही, ट्रैकर और सहयोगी स्टाफ के फंसे होने की जानकारी सामने आई है। मौसम खराब होने के चलते कई ट्रैकिंग रूट बर्फ से ढक गए हैं और आवाजाही प्रभावित हुई है।

फंसे लोगों में हाई अल्टीट्यूड एक्सपीडिशन के 89 सदस्य, कालिंदी पास बेस कैंप में ट्रैकिंग कर रहे 18 लोग और ऑडिन कोल पास बेस कैंप में मौजूद 29 सदस्य शामिल हैं। भारी बर्फबारी के कारण इन क्षेत्रों से नीचे लौटने के रास्ते प्रभावित हुए हैं। स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने रेस्क्यू ऑपरेशन तेज कर दिया है। वन विभाग, SDRF, पुलिस और आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की टीमें मिलकर फंसे पर्वतारोहियों और ट्रैकर्स को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने में जुटी हैं। प्रशासन की ओर से उनके लिए भोजन, ठहरने और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था भी की जा रही है।

गंगोत्री राष्ट्रीय पार्क के कर्मचारियों की मदद से भोजवासा और चीड़बासा में फंसे अधिकांश पर्यटकों को सुरक्षित निकाला जा चुका है। वहीं, उत्तरकाशी के जिला मजिस्ट्रेट प्रशांत आर्य कंट्रोल रूम से पूरे रेस्क्यू अभियान की निगरानी कर रहे हैं। मौसम में सुधार होने पर हेलीकॉप्टर की मदद से भी फंसे लोगों को निकालने की तैयारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button