
धमतरी । जिले में लगातार हो रही वर्षा एवं बांधों में पानी की आवक को देखते हुए जल संसाधन विभाग द्वारा जलाशयों की स्थिति पर सतत निगरानी रखी जा रही है। 01 सितंबर 2026 को सुबह 8 बजे की स्थिति के अनुसार गंगरेल जलाशय में 96.17 प्रतिशत जलभराव दर्ज किया गया है। जलाशय में 4,342 क्यूसेक पानी की आवक हो रही है। इसी तरह मुरूमसिल्ली जलाशय में 98.49 प्रतिशत जलभराव एवं 745 क्यूसेक आवक, दुधावा जलाशय में 83.56 प्रतिशत जलभराव एवं 1,178 क्यूसेक आवक तथा सोढ़ुर जलाशय में 69.25 प्रतिशत जलभराव एवं 167 क्यूसेक पानी की आवक दर्ज की गई है।
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने जिलेवासियों से सतर्क और सुरक्षित रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि जलाशयों में पानी की आवक एवं आगामी वर्षा को देखते हुए प्रशासन पूरी स्थिति पर लगातार नजर रख रहा है। महानदी एवं अन्य नदी-नालों के किनारे रहने वाले नागरिक नदी के जलस्तर में वृद्धि की स्थिति में तत्काल सुरक्षित एवं ऊंचे स्थानों पर चले जाएं। किसी भी परिस्थिति में नदी, नाला, जलभराव वाले क्षेत्र या तेज बहाव वाले पानी को पार करने का प्रयास नहीं करें।


