
महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले के धनोरा तहसील स्थित जपटलाई शासकीय कन्या छात्रावास में आधी रात उस समय हड़कंप मच गया, जब छात्रावास में जहरीला सांप घुस आया। रात में गहरी नींद में सो रही छात्राओं को सांप ने एक के बाद एक डस लिया। घटना में 6 छात्राएं सर्पदंश का शिकार हो गईं।
सांप के डसने के बाद छात्राओं की चीख-पुकार से पूरे छात्रावास में अफरा-तफरी मच गई। अन्य छात्राएं भी डर के कारण बाहर निकल आईं। घटना की जानकारी मिलते ही छात्रावास प्रबंधन और स्थानीय लोगों ने सर्पदंश की शिकार छात्राओं को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
बताया जा रहा है कि घटना छत्तीसगढ़ सीमा से लगे महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले में हुई है। रात के समय छात्रावास परिसर में जहरीले सांप के पहुंचने से छात्राओं की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। घटना के बाद छात्रावास में दहशत का माहौल है। अधिकारियों द्वारा मामले की जानकारी जुटाई जा रही है और छात्राओं की स्थिति पर नजर रखी जा रही है।


