Google Analytics
दिल्लीराज्य

स्वीडन ने प्रधानमंत्री मोदी को ‘रॉयल ऑर्डर ऑफ द पोलर स्टार’, डिग्री कमांडर ग्रैंड क्रॉस से किया सम्मानित

दिल्ली। गोथेनबर्ग में आयोजित एक विशेष समारोह में, स्वीडन की क्राउन प्रिंसेस विक्टोरिया ने प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी को ‘रॉयल ऑर्डर ऑफ द पोलर स्टार, डिग्री कमांडर ग्रैंड क्रॉस’ से सम्मानित किया। यह स्वीडन के सबसे प्राचीन और प्रतिष्ठित सम्मानों में से एक है, जिसकी स्थापना 18वीं शताब्दी में की गई थी। यह सम्मान स्वीडन द्वारा विदेशी शासनाध्यक्षों को असाधारण लोक सेवा तथा स्वीडन के साथ संबंधों को सुदृढ़ करने में योगदान देने के लिए प्रदान किया जाने वाला सर्वोच्च सम्मान है।

इस अवसर पर संबोधित करते हुए, प्रधानमंत्री मोदी ने इस सम्मान के लिए स्वीडन की महामहिम क्राउन प्रिंसेस विक्टोरिया तथा स्वीडन की जनता के प्रति अपनी गहरी कृतज्ञता व्यक्त की। उन्होंने यह सम्मान भारत के 1.4 अरब लोगों तथा भारत और स्वीडन के बीच स्थायी मित्रता को समर्पित किया। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि ‘रॉयल ऑर्डर ऑफ द पोलर स्टार’ से सम्मानित किया जाना भारत और स्वीडन के बीच ऐतिहासिक संबंधों एवं सभ्यतागत बंधनों की पुनर्पुष्टि है तथा यह दोनों देशों की जनता को जोड़ने वाली आत्मीयता और स्नेह का सम्मान भी है। (प्रधानमंत्री मोदी इस सम्मान से सम्मानित होने वाले पहले एशियाई नेता हैं।)

यह सम्मान प्रदान किया जाना भारत-स्वीडन सामरिक साझेदारी में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है और द्विपक्षीय सहयोग को आगे बढ़ाने तथा वैश्विक शांति एवं समृद्धि में योगदान देने के प्रति दोनों देशों की साझा प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button