दिल्लीमध्य प्रदेशराज्य

रेल संपर्क मजबूत होने से ग्वालियर-चंबल क्षेत्र को नई गति मिलेगी

दिल्ली। रेल, सूचना एवं प्रसारण एवं इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव, संचार और पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री  ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मध्य प्रदेश में परिवर्तित कैलारस-सबलगढ़-बीरपुर रेल खंड का उद्घाटन किया। उन्होंने ग्वालियर-कैलारस रेल लाइन को बीरपुर तक विस्तारित करने को हरी झंडी दिखाई।
ग्वालियर-कैलारस रेल सेवा का बीरपुर तक विस्तार होने से बीरपुर, विजयपुर और सबलगढ़ को ग्वालियर से सीधा रेल संपर्क मिलेगा, जिससे ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों में अधिक किफायती और सुविधाजनक यात्रा विकल्प उपलब्ध होंगे। इससे ग्वालियर में शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा और रोजगार के अवसरों तक पहुंच में सुधार होगा, साथ ही क्षेत्र में स्थानीय व्यापार और क्षेत्रीय आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि गेज परिवर्तन से लाभान्वित होने वाले 56 किलोमीटर लंबे कैलारस-बीरपुर खंड का उद्घाटन ग्वालियर-चंबल क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि सभी हितधारकों के सामूहिक प्रयासों से यह परियोजना साकार हो सकी है। श्री वैष्णव ने कहा कि इस गेज परिवर्तन से मुरैना जिले की बामोर, जौड़ा, कैलारस और सबलगढ़ तहसीलों तथा शिवपुर जिले की बीरपुर, शिवपुर और कराहल तहसीलों के 100 से अधिक गांवों के लोगों को लाभ होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button