‘कॉल मी बे’ के दूसरे सीजन में बढ़ेगा रोमांस का तड़का

अनन्या पांडे की चर्चित सीरीज ‘कॉल मी बे’ एक बार फिर दर्शकों का मनोरंजन करने के लिए लौटने वाली है। सीरीज के दूसरे सीजन को लेकर फैंस की उत्सुकता बढ़ती जा रही है। इसी बीच मेकर्स ने नया पोस्टर जारी कर दर्शकों की दिलचस्पी और बढ़ा दी है। पोस्टर में अनन्या पांडे के साथ गुरफतेह पीरजादा और विहान समत नजर आ रहे हैं। इसे देखकर अंदाजा लगाया जा रहा है कि इस बार कहानी में रोमांस के साथ लव ट्राएंगल का तड़का भी लगने वाला है।
नील और अगस्त्य के बीच उलझेगी बे की जिंदगी
नए पोस्टर में अनन्या पांडे एक बार फिर अपने चुलबुले और ग्लैमरस अंदाज में दिखाई दे रही हैं। हालांकि, इस बार उनकी निजी जिंदगी और प्रेम कहानी में कई नए मोड़ देखने को मिल सकते हैं। सीरीज में गुरफतेह पीरजादा नील और विहान समत अगस्त्य के किरदार में नजर आएंगे। दोनों ही किरदार बे की जिंदगी में खास जगह रखते हैं। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यही है कि बे आखिर नील और अगस्त्य में से किसे चुनेगी? दोनों के बीच उसकी रोमांटिक जिंदगी किस दिशा में आगे बढ़ेगी, यह देखना दर्शकों के लिए दिलचस्प होगा। नए पोस्टर ने दूसरे सीजन को लेकर उत्सुकता बढ़ा दी है।


