Google Analytics
छत्तीसगढ़राज्य

पुलिस ने 48 घंटे में सुलझाया अंधा कत्ल का मामला, 3 गिरफ्तार

कबीरधाम । जिले के लोहारा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पैलपार में कुएं से युवक का शव मिलने के मामले में कबीरधाम पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर अंधे कत्ल का सनसनीखेज खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्या में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीन अपचारी बालकों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया है।

27 जनवरी को सुमित जैन के खेत स्थित कुएं में एक युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया था। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव बाहर निकलवाया, जिसकी पहचान किशन उर्फ पाव वर्मा (25 वर्ष), निवासी ढेकापुर के रूप में हुई। शव के साथ ईंट-कांक्रीट का भारी पत्थर बंधा होने से यह स्पष्ट हो गया कि युवक की हत्या कर साक्ष्य छुपाने के इरादे से शव को कुएं में फेंका गया है। इस पर थाना लोहारा में अपराध क्रमांक 07/2026 के तहत मामला दर्ज किया गया।

पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह (भा.पु.से.) के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेन्द्र बघेल और अमित पटेल के मार्गदर्शन तथा डीएसपी आशीष शुक्ला के पर्यवेक्षण में विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की गई। तकनीकी साक्ष्य, संदिग्धों से पूछताछ और घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ते हुए पुलिस ने आरोपियों तक पहुंच बनाई।

कड़ाई से पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि 5 जनवरी को थान खम्हरिया स्थित शराब भट्ठी के पास चखना दुकान के समीप उन्होंने किशन वर्मा को अकेला पाकर पहले उसके साथ मारपीट की। इसके बाद चाकू से वार कर उसे बेहोश कर दिया गया। फिर मोटरसाइकिल से उसे पैलपार मुक्तिधाम के पास ले जाकर लकड़ी के बत्ते से प्राणघातक हमला किया गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

हत्या के बाद शव को घसीटकर सुमित जैन के खेत स्थित कुएं तक ले जाया गया और पहचान छुपाने के लिए भारी पत्थर बांधकर कुएं में फेंक दिया गया। पुलिस ने आरोपियों को घटनास्थल पर ले जाकर पूरी वारदात का रिक्रिएशन भी कराया। पूछताछ के आधार पर हत्या में प्रयुक्त चाकू, लकड़ी का बत्ता, मोटरसाइकिल और रस्सी जब्त की गई है। आरोपियों ने खून से सने कपड़ों को जलाकर नष्ट करने की बात भी स्वीकार की है।

गिरफ्तार आरोपी
प्रकाश धुर्वे (25 वर्ष)
उमेश उर्फ लक्की राजपूत (20 वर्ष)
खेमलाल उर्फ ईशु निषाद (20 वर्ष)
तीनों निवासी वार्ड क्रमांक 09, थान खम्हरिया, जिला बेमेतरा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button