
दुर्ग जिले की सार्वजनिक यातायात प्रणाली अब एक आधुनिक और पर्यावरण के अनुकूल युग में कदम रखने जा रही है। ट्विन सिटी की सड़कों पर बहुत जल्द वातानुकूलित और प्रदूषण मुक्त इलेक्ट्रिक बसें फर्राटा भरती हुई दिखाई देंगी। केंद्र सरकार की ‘प्रधानमंत्री ई-बस सेवा’ योजना के अंतर्गत बुधवार को पहली इलेक्ट्रिक बस भिलाई पहुंची, जिसका निर्धारित मार्गों पर सफल ट्रायल रन संपन्न किया गया।
पहले चरण में सड़कों पर उतरेंगी 20 इलेक्ट्रिक बसें
इस ट्रायल के दौरान नगर निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों ने खुद बस में यात्रा करके इसकी संचालन प्रणाली, तकनीकी सुविधाओं और तय किए गए रूट्स का बारीकी से निरीक्षण किया। गौरतलब है कि शासन द्वारा दुर्ग-भिलाई क्षेत्र के लिए कुल 50 ई-बसों के संचालन की स्वीकृति प्रदान की गई है, जिनमें से प्रथम चरण में 20 बसों को शहर की सड़कों पर उतारने की तैयारियां अंतिम दौर में हैं।


