
रायपुर/ दुर्ग। IPL मैच के दौरान नकली टिकट बेचकर लोगों से ठगी करने वाले दुर्ग के 4 युवकों को उत्तर प्रदेश पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने कथित तौर पर चैटजीपीटी और डिजाइनिंग सॉफ्टवेयर की मदद से IPL टिकटों की हूबहू कॉपी तैयार की थी। कार्रवाई लखनऊ साइबर सेल और सुशांत गोल्फ सिटी थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से की। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दुर्ग निवासी श्रीकांत बोरकर, नूतन कुमार साहू, राजेंद्र चौधरी और विश्वजीत साहू के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से फर्जी IPL टिकट, लैपटॉप, मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड और प्रिंटिंग में इस्तेमाल होने वाला सामान जब्त किया है।
जानकारी के मुताबिक 7 मई को लखनऊ के इकाना स्टेडियम में लखनऊ सुपर जायंट्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच IPL मैच खेला गया था। मैच देखने पहुंचे जालौन निवासी प्रदीप सिंह को स्टेडियम के बाहर आरोपियों ने दो टिकट बेचे और UPI के जरिए 1000 रुपए लिए। जब प्रदीप एंट्री गेट पर पहुंचे तो स्कैनिंग के दौरान टिकट फर्जी निकले। इसके बाद उन्होंने सुशांत गोल्फ सिटी थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने UPI ट्रांजैक्शन और तकनीकी जांच के आधार पर आरोपियों को दोदनखेड़ा चौराहे के पास से गिरफ्तार कर लिया।

