
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय आज राजधानी रायपुर के होटल बेबीलॉन इंटरनेशनल में आयोजित छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिएटर एंड इन्फ्लुएंसर अवॉर्ड्स 2026 में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के कंटेंट क्रिएटर्स प्रदेश के डिजिटल ब्रांड एंबेसडर हैं। वे अपने कैमरे और रचनात्मकता से छत्तीसगढ़ की ऐसी सुंदर तस्वीर देश-दुनिया के सामने ला रहे हैं, जिससे प्रदेश की लोककला, संस्कृति, खान-पान, पर्यटन स्थलों और छत्तीसगढ़ी भाषा को नई पहचान मिल रही है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि आज सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म सूचना एवं संवाद के प्रभावी माध्यम बन चुके हैं। कंटेंट क्रिएटर्स की पहुंच लाखों लोगों तक है। वे मनोरंजन के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता बढ़ाने और जनहित के विषयों को लोगों तक पहुंचाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। छत्तीसगढ़ के जनजातीय और ग्रामीण अंचलों की समृद्ध परंपराओं, कला-संस्कृति और अनछुए पर्यटन स्थलों को दुनिया के सामने लाने में क्रिएटर्स का योगदान अहम हो सकता है।
जनता की पसंद से चुने गए क्रिएटर्स, 16 मुख्य श्रेणियों और 46 उपश्रेणियों में अवॉर्ड्स
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ की जनता की सार्वजनिक वोटिंग के माध्यम से अपने पसंदीदा क्रिएटर्स का चयन किया गया। अवॉर्ड्स के लिए 16 मुख्य श्रेणियों और 46 उपश्रेणियों में पुरस्कार प्रदान किए गए। इनमें फूड, संस्कृति, स्वास्थ्य, शिक्षा, लाइफस्टाइल सहित विभिन्न क्षेत्रों में डिजिटल माध्यम से उल्लेखनीय योगदान देने वाले क्रिएटर्स को सम्मानित किया गया।
पंच से मुख्यमंत्री तक का सफर : जिम्मेदारियों ने सिखाया जीवन का बड़ा पाठ
कार्यक्रम में पॉडकास्ट शैली में युवा क्रिएटर्स से संवाद करते हुए मुख्यमंत्री श्री साय ने अपने राजनीतिक और सामाजिक जीवन के अनुभव साझा किए। पंच से निर्विरोध सरपंच, विधायक, सांसद, केंद्रीय मंत्री और मुख्यमंत्री तक के सफर से जुड़े सवाल पर उन्होंने बताया कि कम उम्र में पिता के निधन के बाद परिवार की जिम्मेदारी उनके कंधों पर आ गई थी। पढ़ाई के साथ परिवार की जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए वे सार्वजनिक जीवन में आए। गांव के लोगों ने उन्हें पंच और फिर सरपंच चुना। इसके बाद जनता के आशीर्वाद से विधायक, सांसद, केंद्रीय मंत्री और अब मुख्यमंत्री के रूप में प्रदेश की सेवा करने का अवसर मिला।
मुख्यमंत्री ने बस्तर के विकास के लिए संचालित योजनाओं और अभियानों की जानकारी देते हुए कहा कि नियद नेल्लानार योजना के माध्यम से दूरस्थ गांवों तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं। दूरस्थ क्षेत्रों में राशन दुकानों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ दूरसंचार सुविधाओं का भी विस्तार किया जा रहा है। स्वस्थ बस्तर अभियान के अंतर्गत 34 लाख लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई है। वहीं, बस्तर मुन्ने यानी अग्रणी बस्तर अभियान के माध्यम से प्रशासन गांव-गांव पहुंचकर लोगों के राशन कार्ड, आधार कार्ड और जॉब कार्ड बनवाने जैसी सुविधाएं उपलब्ध करा रहा है, ताकि वे शासन की योजनाओं का लाभ ले सकें।
युवाओं के लिए रोजगार, कौशल विकास और उद्यमिता के नए अवसर
युवाओं के रोजगार से जुड़े सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत युवा देश है और छत्तीसगढ़ भी युवाओं का प्रदेश है। युवाओं के लिए सरकारी नौकरियों के साथ उद्योगों, आईटी, पर्यटन, स्टार्टअप और सेवा क्षेत्र में भी अवसर सृजित किए जा रहे हैं। नई औद्योगिक नीति के माध्यम से निवेश और रोजगार को प्रोत्साहित किया जा रहा है। एक हजार रोजगार उपलब्ध कराने वाले उद्यमियों के लिए विशेष प्रोत्साहन और रियायतों का प्रावधान किया गया है। अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति वर्ग के युवाओं और महिलाओं के लिए भी विशेष प्रावधान किए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए कौशल विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। प्रदेश में प्रयास आवासीय विद्यालय संचालित हैं तथा विभिन्न जिलों में निःशुल्क कोचिंग की सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसके साथ ही 38 नालंदा परिसर विकसित किए जा रहे हैं, जहां युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर अध्ययन सुविधाएं मिलेंगी। बस्तर में जगारगुंडा और ओरछा में एजुकेशन सिटी तथा गीदम में मेडिकल कॉलेज जैसी पहल भी इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।


