
बिलासपुर। उमनि/वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह के निर्देशन में राखी पर्व के अवसर पर जिला पुलिस बिलासपुर द्वारा नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विशेष साइबर जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा शहर के विभिन्न चौक-चौराहों में आवागमन करने वाले नागरिकों की कलाई में *“साइबर जागृति रक्षा सूत्र”* बांधकर उन्हें साइबर अपराधों से सुरक्षित रहने का संकल्प दिलाया गया, यह कार्यक्रम 17 थानों और 4 चौकियों, यातायात व महिला थाना सहित जिला के सभी थाना चौकी में चलाया जा रहा है, इसके मुताबिक राखी पर्व के पूर्व दो दिन में जिलें में करीब 1,85,000 साइबर जागृति रक्षा सूत्र नागरिकों को कलाई में बांधा गया, और यह कार्यक्रम राखी के दिन भी जारी रहेगा ।
राखी पर्व के अवसर पर बांधा गया “साइबर जागृति रक्षा सूत्र” नागरिकों के लिए साइबर सुरक्षा के प्रति सतर्कता और जागरूकता का प्रतीक रहा। पुलिस द्वारा नागरिकों को संदेश दिया गया कि जिस प्रकार राखी का धागा सुरक्षा और विश्वास का प्रतीक है, उसी प्रकार साइबर जागृति रक्षा सूत्र प्रत्येक नागरिक को डिजिटल दुनिया में सावधानी और सुरक्षा का संकल्प दिलाता है।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस द्वारा नागरिकों को साइबर ठगी के विभिन्न तरीकों के संबंध में जानकारी दी गई। नागरिकों को बताया गया कि साइबर अपराधी फर्जी कॉल, लिंक, OTP, KYC अपडेट, बैंक अधिकारी बनकर फोन, ऑनलाइन निवेश, सोशल मीडिया तथा फर्जी APK/एप्लीकेशन के माध्यम से लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि वे किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ OTP, PIN, CVV, पासवर्ड एवं बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा न करें। अनजान लिंक पर क्लिक न करें तथा किसी भी संदिग्ध APK या एप्लीकेशन को डाउनलोड अथवा इंस्टॉल करने से बचें।
पुलिस द्वारा चलाए जा रहें साइबर जागृति रक्षा सूत्र में पुलिस से कंधा से कंधा मिलाकर एनसीसी के बच्चों ने भागीदारी निभायी है और उन्होंने भी देवकीनंदन चौक, सत्यम चौक में पुलिस के साथ नागरिकों को जागरूकता अभियान में हिस्सा लिए ।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि साइबर ठगी होने की स्थिति में पीड़ित व्यक्ति तत्काल *राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930* पर शिकायत दर्ज कराएं तथा अपने बैंक को भी तुरंत सूचित करें। समय पर शिकायत करने से ठगी की राशि को रोकने की संभावना बढ़ जाती है।
जिला पुलिस बिलासपुर ने नागरिकों से अपील की कि वे स्वयं साइबर जागरूक बनें तथा अपने परिवार, मित्रों एवं आसपास के लोगों को भी साइबर अपराधों से बचाव के लिए जागरूक करें।
जिला पुलिस बिलासपुर के प्रयास- द्वारा साइबर जागरूकता अभियान के तहत नागरिकों को *ऑनलाइन प्रश्नोत्तरी के माध्यम से साइबर जागरूक किया जा रहा है जिसमें सहभागिता प्रमाण पत्र भी दिया जा रहा है* https://forms.gle/8vQW4tW2DCkq6K8m8 आप भी लिंक में जाकर प्रश्नों का जवाब देकर साइबर जागरूक हो सकते हैं।
बिलासपुर जिले में नागरिकों को में *जागरूकता की सेल्फी* के लिए भी प्रतिदिन प्रोत्साहित किया जा रहा है
“साइबर जागरूकता का रक्षा सूत्र—सुरक्षित डिजिटल जीवन का संकल्प।”


