
दिल्ली। देशभर में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। एक ओर दक्षिण-पश्चिम मानसून के केरल पहुंचने की उल्टी गिनती शुरू हो गई है, वहीं दूसरी ओर उत्तर भारत में बारिश से मिली राहत जल्द खत्म होने वाली है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार 4 जून तक मानसून केरल पहुंच सकता है, जबकि तमिलनाडु के कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग ने तमिलनाडु के नीलगिरी, कोयंबटूर, थेनी, तिरुपुर, डिंडीगुल, तेनकासी, तिरुनेलवेल्ली, कन्याकुमारी, इरोड, नमक्कल, सलेम, धर्मापुरी, कृष्णागिरी, वेल्लोर और मदुरै समेत 15 से अधिक जिलों में 7 जून तक भारी बारिश की संभावना जताई है। वहीं चेन्नई सहित उत्तर तटीय तमिलनाडु में उमस और तेज गर्मी लोगों की परेशानी बढ़ा रही है। कई इलाकों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है।
उधर, उत्तर प्रदेश समेत उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ का असर कमजोर पड़ने लगा है। बीते दिनों हुई बारिश और आंधी से लोगों को राहत मिली थी, लेकिन अब तापमान में दो से तीन दिनों के भीतर 3 से 6 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। सोमवार को सुल्तानपुर, फतेहपुर, अमेठी, आजमगढ़, हरदोई और झांसी समेत कई जिलों में बारिश दर्ज की गई, जबकि फर्रुखाबाद 42 डिग्री तापमान के साथ प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा।


