दिल्लीराज्य

असम से बड़ी खबर: वायुसेना का AN-32 विमान क्रैश, देश के 5 वीर जवान शहीद

दिल्ली। असम के जोरहाट एयरबेस में शनिवार को भारतीय वायु सेना का AN-32 परिवहन विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे के बाद विमान में भीषण आग लग गई और वह दो हिस्सों में टूट गया। दुर्घटना एयरफोर्स स्टेशन परिसर के भीतर हुई, जिसके बाद राहत एवं बचाव दल तत्काल मौके पर पहुंच गया।

भारतीय वायु सेना के अनुसार हादसे में स्क्वाड्रन लीडर प्रशांत सिंह, फ्लाइट लेफ्टिनेंट शुभम कुमार, सार्जेंट जितेंद्र शर्मा, अग्निवीर खेमाराम कुमावत और अग्निवीर दानिश आलम शहीद हो गए। वायु सेना ने कहा कि शोक की इस घड़ी में वह शहीद जवानों के परिजनों के साथ मजबूती से खड़ी है। हादसे में विमान के को-पायलट की जान बच गई, जिनका उपचार जारी है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक विमान अरुणाचल प्रदेश से जोरहाट की ओर आ रहा था, तभी यह दुर्घटनाग्रस्त हो गया।

घटना पर रक्षा मंत्री Rajnath Singh ने गहरा दुख जताते हुए कहा कि AN-32 हादसे में पांच वायु योद्धाओं की शहादत बेहद दुखद है और पूरा देश उनके परिवारों के साथ खड़ा है। भारतीय वायु सेना ने दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच के आदेश दे दिए हैं। अधिकारियों के अनुसार तकनीकी और परिचालन संबंधी सभी पहलुओं की जांच की जाएगी। गौरतलब है कि AN-32 सोवियत डिजाइन पर आधारित दो इंजन वाला टर्बोप्रॉप परिवहन विमान है, जिसका उपयोग भारतीय वायु सेना सैनिकों और सैन्य सामग्री के परिवहन के लिए करती है। यह विमान विशेष रूप से पूर्वोत्तर और सीमावर्ती दुर्गम क्षेत्रों में संचालन के लिए महत्वपूर्ण माना जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button