छत्तीसगढ़राज्य

लखनऊ हादसे से सबक : कोचिंग संस्थानों में अग्नि एवं लिफ्ट सुरक्षा मानकों का निरीक्षण

रायपुर। आज नगर पालिक निगम रायपुर द्वारा अग्नि सुरक्षा एवं लिफ्ट सुरक्षा के दृष्टिकोण से शहर के प्रमुख कोचिंग संस्थानों यथा अनअकादमी , आरसीसी , अकादजा , विद्यापीठ एवं एलन का संयुक्त निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान एलन , अनअकादमी एवं विद्यापीठ में कक्षाओं में निर्धारित क्षमता से अधिक विद्यार्थियों के बैठने तथा वेंटिलेशन संबंधी कमियां पाई गईं। अन्य सुरक्षा मानक सामान्यतः संतोषजनक पाए गए।

वहीं अकादजा एवं आरसीसी में फायर सेफ्टी अनुपालन, वेंटिलेशन, प्रवेश एवं निकास व्यवस्था सहित विभिन्न सुरक्षा संबंधी कमियां पाई गईं। संबंधित संस्थानों के संचालकों को समस्त कमियों का निराकरण एक सप्ताह के भीतर सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया है। साथ ही संबंधित जोनों को नियमानुसार नोटिस जारी कर अनुपालन सुनिश्चित करने हेतु निर्देश दिए गए हैं।

निरीक्षण के दौरान संस्थानों को स्पष्ट एवं कड़ी चेतावनी दी गई कि निर्धारित समयावधि में समस्त कमियों का निराकरण कर अनुपालन प्रस्तुत करें, अन्यथा नियमानुसार अग्रिम कार्यवाही की जाएगी।

उक्त निरीक्षण रायपुर जिला कलेक्टर डॉ गौरव कुमार सिंह के आदेशानुसार आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश एवं नगर निवेशक अभाष मिश्रा के मार्गदर्शन में शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुपालन में संपादित किया गया।

निरीक्षण दल में मुख्यालय के प्रभारी सहायक अभियंता सोहन गुप्ता, सहायक अभियंता अंकुर अग्रवाल (जोन-6), उप अभियंता श्री सागर ठाकुर (जोन-6) तथा अग्निशमन विभाग के अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button