छत्तीसगढ़राज्य

नवरात्रि में खाद्य प्रतिष्ठानों की सघन जांच, तीन प्रतिष्ठानों से बेसन, आटा, सूजी और साबूदाना सहित खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए

रायपुर। नवरात्रि पर्व के दौरान आम नागरिकों को शुद्ध, सुरक्षित एवं गुणवत्तायुक्त खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा रायपुर जिले में खाद्य प्रतिष्ठानों की सघन जांच की जा रही है। नियंत्रक श्री राजेन्द्र कटारा (आईएएस) के निर्देशानुसार विभागीय अधिकारी खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन की जांच कर रहे हैं।

इसी क्रम में आज शुभम के मार्ट, जी.के. बिजनेस सेंटर, डूमरतराई से बेसन एवं आटे के विधिक नमूने लिए गए। घनश्याम प्रोविजन स्टोर, मोतीबाग चौक से सूजी और मैदे के नमूने लिए गए। निरीक्षण के दौरान यहां फफूंद लगी एवं कालातीत 7 किलोग्राम राखिया बड़ी और 3 किलोग्राम मूंग बड़ी मिली, जिसे जनस्वास्थ्य की सुरक्षा के दृष्टिगत नष्ट कराया गया। साथ ही 18 किलोग्राम मैदा और 27.5 किलोग्राम सूजी जब्त कर खाद्य कारोबारकर्ता की सुरक्षित अभिरक्षा में रखी गई।

विभागीय दल ने विशाल मेगा मार्ट, टाटीबंध से फर्स्ट क्रॉप ब्रांड की सूजी एवं साबूदाना के विधिक नमूने भी लिए। सभी नमूनों को जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 तथा उसके अंतर्गत बनाए गए नियमों एवं विनियमों के अनुसार आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

विभाग द्वारा पर्व के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता एवं सुरक्षित भंडारण पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। खाद्य कारोबारकर्ताओं को गुणवत्तायुक्त सामग्री का ही विक्रय करने तथा कालातीत, फफूंदयुक्त या स्वास्थ्य के लिए असुरक्षित खाद्य पदार्थों का भंडारण और विक्रय नहीं करने के निर्देश दिए गए हैं। जांच एवं निरीक्षण की यह कार्रवाई आगामी दिनों में भी जारी रहेगी।

विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि खाद्य पदार्थ खरीदते समय पैकेट पर अंकित निर्माण तिथि, उपयोग की अंतिम तिथि, पैकेजिंग की स्थिति और अन्य आवश्यक विवरण अवश्य जांचें। गुणवत्ता या सुरक्षा को लेकर संदेह होने पर संबंधित खाद्य सुरक्षा अधिकारी अथवा खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग को सूचित करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button