Google Analytics
छत्तीसगढ़राज्य

 डिजिटल ट्रांजेक्शन में उत्कृष्ट योगदान के लिए पूछताछ सह आरक्षण लिपिक कर्मचारियों का सम्मान

बिलासपुर/रायपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे मुख्यालय, बिलासपुर में आज प्रधान मुख्य वाणिज्य प्रबंधक श्री प्रवीण पाण्डेय द्वारा पूछताछ सह आरक्षण लिपिक (ईसीआरसी) कर्मचारियों को सम्मानित किया, जिन्होंने यात्री आरक्षण प्रणाली (पीआरएस) में डिजिटल लेन-देन को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई ।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में डिजिटल इंडिया की परिकल्पना को साकार करने तथा  रेलवे के वाणिज्यिक कार्यों में पारदर्शिता, त्वरित सेवा और सुरक्षित लेन-देन सुनिश्चित करने  हेतु लक्ष्य निर्धारित कर डिजिटल लेन-देन को प्राथमिकता दी जा रही है  । इसी क्रम में यात्री आरक्षण प्रणाली (पीआरएस)  टिकटिंग प्रणाली में डिजिटल ट्रांजेक्शन को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयास किए गए, जिसमें रिजर्वेशन/बुकिंग क्लर्क्स का सहयोग अत्यंत सराहनीय रहा ।
वर्तमान में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रिजर्वेशन यूनिट्स में डिजिटल ट्रांजेक्शन की मात्रा लगभग 55 से 60 प्रतिशत तक पहुँच गई है, जो कि एक बड़ी उपलब्धि है । डिजिटल भुगतान के माध्यम से कैश हैंडलिंग में कमी, चिल्हर की समस्या से निजात, धोखाधड़ी की संभावना में गिरावट, यात्रियों को तेज़ और सुलभ सेवा, तथा लेन-देन का रीयल टाइम रिकॉर्ड जैसे कई लाभ प्राप्त हो रहे हैं ।
इसी क्रम में बिलासपुर, रायपुर, दुर्ग, गोंदिया, नागपुर, भिलाई और उसलापुर जैसे प्रमुख रिजर्वेशन केंद्रों के कर्मचारियों को आज सम्मानित किया गया । सम्मान प्राप्त करने वालों में बिलासपुर मंडल से एस. अनिल कुमार, मनोज गुबरेले, मौमिता मजूमदार, रायपुर मंडल से श्वेता शर्मा, पी. भट्टाचार्य, और नागपुर मंडल से रिंकू सिंग एवं नेहा ठाकुर सहित कुल 15 कर्मचारी शामिल हैं ।
इस दौरान सम्मानित कर्मचारियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह पुरस्कार उन्हें और अधिक प्रेरणा देगा तथा अन्य साथी स्टाफ एवं पेसेंजर भी डिजिटल लेन-देन के लिए प्रोत्साहित होंगे, जिससे रेलवे में डिजिटल इंडिया का सपना और अधिक मजबूती से साकार हो सकेगा ।
कार्यक्रम के अंत में प्रधान मुख्य वाणिज्य प्रबंधक प्रवीण पाण्डेय ने सभी कर्मचारियों से सहयोग की अपेक्षा जताते हुए अपील की कि वे इस अभियान को सफल बनाने में अपना निरंतर योगदान देंवें ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button