
भिलाई के जामुल थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक पुरानी बाइक के विवाद ने एक युवक की जान ले ली। ग्राम नारधा में आरोपी ने पहले अपने परिचित को शराब पिलाई, फिर धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी। मृतक रायपुर नगर निगम में कार्यरत था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है।
जामुल थाना क्षेत्र के ग्राम नारधा निवासी भीम गायकवाड़ रायपुर नगर निगम में काम करता था। पुलिस के मुताबिक करीब दो साल पहले भीम ने आरोपी से एक बाइक ली थी, जो बाद में रायपुर से चोरी हो गई। बाइक चोरी होने के बाद आरोपी लगातार नाराज़ था और अपनी वही बाइक वापस दिलाने की जिद पर अड़ा हुआ था। बताया जा रहा है कि भीम ने समझौते के तौर पर दूसरी बाइक देने की भी पेशकश की, लेकिन आरोपी नहीं माना।
मंगलवार को आरोपी ने भीम को शराब पिलाई और फिर धारदार हथियार से उस पर जानलेवा हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना से तीन मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया। सूचना मिलते ही जामुल पुलिस मौके पर पहुंची, आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे पूछताछ जारी है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।


