छत्तीसगढ़राज्य

मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना के लिए साबरमती नदी पर पुल का निर्माण पूरा

अहमदाबाद में साबरमती नदी पर 480 मीटर लंबे पुल का निर्माण पूरा हो गया है। लगभग 36 मीटर ऊंचा यह पुल 12 मंजिला इमारत के बराबर (लगभग 118 फीट) है और अहमदाबाद में बुलेट ट्रेन कॉरिडोर के प्रमुख संरचनात्मक कार्यों में से एक है। यह पुल पश्चिम रेलवे की अहमदाबाद-दिल्ली मुख्य रेल लाइन के समीप स्थित है, जो जमीनी स्तर से लगभग 14.8 मीटर की ऊंचाई पर है।

यह पुल साबरमती और अहमदाबाद बुलेट ट्रेन स्टेशन के बीच स्थित है। जो साबरमती स्टेशन से लगभग 1 किलोमीटर और अहमदाबाद स्टेशन से लगभग 4 किलोमीटर की दूरी पर है।

मुंबई-अहमदाबाद हाई स्पीड रेल कॉरिडोर का अलाइनमेंट अहमदाबाद में, कई मौजूदा बुनियादी ढांचा सुविधाओं, जैसे फ्लाईओवर, पुल, रेलवे लाइन और मेट्रो कॉरिडोर को पार करता है। मौजूदा संरचनाओं से आवश्यक वर्टिकल क्लियरेंस बनाए रखने के लिए साबरमती नदी पुल के पियर्स की ऊंचाई अधिक रखी गई है।

इस पुल में 08 सर्कुलर पियर्स है, जिनका व्यास 6 से 6.5 मीटर के बीच है। इनमें से 04 पियर्स नदी तल के भीतर, 02 पियर्स नदी के दोनों किनारों पर—प्रत्येक तरफ 01, तथा 02 पियर्स नदी के किनारों के बाहर स्थित हैं। पियर्स की रणनीतिक स्थिति से नदी के जल प्रवाह में न्यूनतम अवरोध सुनिश्चित करने में मदद मिली है।

मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन कॉरिडोर के अधिकांश नदी पुलों में लगभग 40 मीटर के छोटे स्पैन हैं, जबकि साबरमती नदी पुल में 50 से 76 मीटर तक के लंबे स्पैन बनाए गए हैं। इससे नदी तल के भीतर आवश्यक पियर्स की संख्या कम करने में मदद मिली है।

इस पुल में 76 मीटर के पांच स्पैन और 50 मीटर के दो स्पैन शामिल हैं। प्रत्येक स्पैन में 23 सेगमेंट हैं, जिन्हें निर्माण स्थल पर इन-सिटू कास्ट किया गया। इन सेगमेंट के निर्माण के लिए उच्च स्तर की प्रिसीजन इंजीनियरिंग, कुशल श्रमशक्ति तथा प्रत्येक चरण में गुणवत्ता जांच की आवश्यकता रही।

पुल का निर्माण बैलेंस्ड कैंटिलीवर मेथड (Balanced Cantilever Method) से किया गया है। यह एक विशेष निर्माण तकनीक है, जो नदियों और गहरे जलमार्गों पर लंबे स्पैन वाले पुलों के निर्माण के लिए उपयुक्त होती है। इस तकनीक में डेक के नीचे पारंपरिक स्कैफोल्डिंग लगाए बिना पुल के सुपर-स्ट्रक्चर का निर्माण किया जा सकता है। पियर्स से सेगमेंट को क्रमिक रूप से स्थापित किया जाता है और पोस्ट-टेंशनिंग के माध्यम से उन्हें जोड़ा जाता है। प्रत्येक पियर के दोनों ओर संतुलित रूप से निर्माण करते हुए एक स्थिर और सतत ब्रिज डेक तैयार किया जाता है।

मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन कॉरिडोर में कुल 25 नदी पुल हैं, जिनमें 21 गुजरात और 4 महाराष्ट्र में हैं। गुजरात में नियोजित 21 नदी पुलों में से 18 का निर्माण अब पूरा हो चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button