
केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी तथा पृथ्वी विज्ञान राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और प्रधानमंत्री कार्यालय, कार्मिक, लोक शिकायत एवं पेंशन, परमाणु ऊर्जा तथा अंतरिक्ष विभाग में राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने आज कहा कि भारत की अंतरिक्ष अर्थव्यवस्था, जिसका वर्तमान मूल्य लगभग 9 अरब अमेरिकी डॉलर है, के एक दशक से भी कम समय में बढ़कर 40-45 अरब अमेरिकी डॉलर तक पहुंचने की संभावना है। इसमें निजी क्षेत्र देश के अंतरिक्ष इकोसिस्टम में बड़े बदलाव को गति दे रहा है।
नई दिल्ली में पांचवें इंडिया इंटरनेशनल स्पेस कॉन्क्लेव 2026 को संबोधित करते हुए माननीय मंत्री ने कहा कि भारत का अंतरिक्ष इकोसिस्टम कुछ ही वर्षों में एकल अंकों में मौजूद स्टार्टअप से बढ़कर लगभग 400-500 कंपनियों तक पहुंच गया है। यह दर्शाता है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में शुरू किए गए सुधारों ने देश की अपार उद्यमशीलता और तकनीकी क्षमता को किस प्रकार उजागर किया है।
23-24 नवंबर, 2026 को नई दिल्ली में भारतीय अंतरिक्ष संघ (आईएसपीए) द्वारा आयोजित दो दिवसीय सम्मेलन का विषय ‘शेपिंग द फ्यूचर ऑफ स्पेस थ्रू इनोवेशन, गवर्नेंस, ह्यूमन पोटेंशियल एंड ग्लोबल कोलैबोरेशंस’ था। इसमें उद्योग जगत के प्रमुख प्रतिनिधियों, अंतरिक्ष स्टार्टअप, शोधकर्ताओं और अंतरराष्ट्रीय हितधारकों ने भाग लिया और वैश्विक अंतरिक्ष अर्थव्यवस्था में भारत की बढ़ती भूमिका पर विचार-विमर्श किया। इस अवसर पर ‘स्पेस इकोनॉमी 2036: द इंडिया ब्लूप्रिंट’ रिपोर्ट का भी शुभारंभ किया गया।
इस कार्यक्रम में भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के अध्यक्ष एवं अंतरिक्ष विभाग (डीओएस) के सचिव डॉ. वी. नारायणन्; इन-स्पेस के अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार गोयंका; भारतीय अंतरिक्ष संघ के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल अनिल कुमार भट्ट (सेवानिवृत्त); और अरुण टी. रामचंदन सहित अंतरिक्ष उद्योग एवं प्रौद्योगिकी इकोसिस्टम के अन्य प्रमुख प्रतिनिधि उपस्थित थे।
डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि न्यू स्पेस इंडिया लिमिटेड (एनएसआईएल) की स्थापना, इसके बाद इन-स्पेस का गठन और निजी क्षेत्र की भागीदारी के लिए अंतरिक्ष क्षेत्र को खोलना, भारत की अंतरिक्ष यात्रा में एक निर्णायक बदलाव साबित हुआ। इन सुधारों को पिछले कुछ दशकों के सबसे परिवर्तनकारी नीतिगत निर्णयों में से एक बताते हुए उन्होंने कहा कि इनसे पारंपरिक यथा-स्थिति टूटी और निजी उद्यमों को ऐसे क्षेत्र में भागीदारी करने में सक्षम बनाया गया, जो अब तक काफी हद तक सरकारी दायरे तक ही सीमित था।
भारतीय अंतरिक्ष स्टार्टअप की प्रगति का उल्लेख करते हुए मंत्री ने 18 जुलाई, 2026 को स्काईरूट के पहले प्रक्षेपण यान की उड़ान, इसके बहु-मिशन प्रक्षेपण समझौते और यूनिकॉर्न का दर्जा हासिल करने को महत्त्वपूर्ण उपलब्धियां बताया। उन्होंने अग्निकुल और उन्नत प्रणोदन प्रणालियां, निजी तौर पर निर्मित रॉकेट इंजन, पृथ्वी अवलोकन प्रौद्योगिकियां तथा उपग्रह इमेजिंग क्षमताएं विकसित करने वाली अन्य कंपनियों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि ये उपलब्धियां भारत की बढ़ती तकनीकी क्षमताओं का प्रमाण हैं। उन्होंने कहा कि अन्य औद्योगिक क्षेत्रों की कंपनियों की बढ़ती भागीदारी भी इन सुधारों से उभर रहे व्यावसायिक अवसरों को दर्शाती है।


