छत्तीसगढ़राज्य

वन संपदा की सुरक्षा के लिए अवैध परिवहन पर कार्रवाई, सूरजपुर में दो वाहन जब्त

छत्तीसगढ़ में वन संपदा की सुरक्षा और वनोपज के अवैध परिवहन पर नियंत्रण के लिए वन विभाग द्वारा निगरानी की जा रही है। इसी क्रम में सूरजपुर जिले के रामानुजनगर वनपरिक्षेत्र में वन विभाग की टीम ने अवैध वनोपज का परिवहन करते दो वाहन पकड़े। दोनों वाहनों से चिरान और बल्लियां जब्त कर वन अपराध प्रकरण दर्ज किया गया है।

वनमंडलाधिकारी विपुल अग्रवाल के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई के संबंध में वनपरिक्षेत्र अधिकारी रामानुजनगर ने बताया कि अवैध परिवहन की सूचना मिलने पर अधिकारियों और कर्मचारियों ने क्षेत्र में जांच एवं निगरानी शुरू की। जांच के दौरान बोलेरो पिकअप क्रमांक सीजी 29 ए-6026 से साल प्रजाति के 22 नग चिरान बरामद हुए। दूसरे वाहन—पावर ट्रैक्टर मय ट्रॉली—से मिश्रित प्रजाति की 56 नग बल्लियां जब्त की गईं। ट्रैक्टर पर पंजीयन नंबर अंकित नहीं था।

दोनों वाहनों में वनोपज का परिवहन बिना वैध दस्तावेजों के किया जा रहा था। वन विभाग ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए दोनों मामलों में वन अपराध प्रकरण दर्ज किया है।

कार्रवाई में वनपरिक्षेत्र अधिकारी रामानुजनगर रामकिशन सिंह, वनरक्षक ऋषि कुमार पाण्डेय, रितेश कुमार मिश्रा सहित वन विभाग के अन्य कर्मचारी शामिल रहे। विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वनों और वनोपज से संबंधित अवैध गतिविधि की जानकारी निकटतम वन कार्यालय या वन विभाग को दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button