मिड-फेस्ट फिल्म ‘आई मैटर’ पहचान, अपनेपन और मानवता की अनेक परतों की पड़ताल करती है: आईएफएफआई 2026 में निर्देशक एलिना सरबन

गोवा में आयोजित 57वें भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फ़िल्म महोत्सव (इफ़्फ़ी) की मिड-फ़ेस्ट फ़िल्म ‘आई मैटर’ (इउ कोंतेज़) की निर्देशक तथा रोमानियाई-रोमा फ़िल्मकार एलिना सरबन ने कहा कि रोमा समुदाय की ऐसी कई अनकही कहानियाँ हैं जिनका सामने आना अभी बाकी है।
इफ़्फ़ी से इतर आज पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी) द्वारा आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में मीडिया से बातचीत करते हुए सरबन ने फ़िल्म की प्रेरणा, रोमा समुदाय के चित्रण और सिनेमा के माध्यम से रूढ़ियों को चुनौती देने के महत्व पर बात की। इस संवाद में मुख्य अभिनेत्रियाँ डेनिसा फ़ारकास और वैनेसा डांसिया भी शामिल हुईं।
रोमानियाई और रोमा भाषाओं के संवादों वाली बहुभाषी नाट्य फ़िल्म आई मैटर का भारतीय प्रीमियर आज इफ़्फ़ी में हुआ। रोमानिया, जर्मनी और बेल्जियम के सह-निर्माण में बनी यह फ़िल्म पहचान, परिवार, अपनेपन और अपने अतीत से परे एक भविष्य की खोज की पड़ताल करती है। इसकी कहानी रेबेका के इर्द-गिर्द घूमती है, जो एक युवा रोमा महिला है और उस अनाथालय को छोड़ने की तैयारी कर रही है जिसे वह अपना घर मानती रही है। जहाँ एक ओर वह जेल से रिहा होने वाले अपने पिता के साथ फिर से जुड़ने और उस परिवार को बनाने की उम्मीद रखती है जिसकी वह हमेशा से कामना करती रही है, वहीं अभिनय की पढ़ाई के लिए विश्वविद्यालय में उसका दाख़िला एक नई शुरुआत की संभावना देता है।
सिनेमा के माध्यम से रूढ़ियों को चुनौती देने से जुड़े एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि यह फ़िल्म मानवता के विभिन्न आयामों को समझने का प्रयास करती है। उन्होंने कहा, “यह फ़िल्म यह सवाल पूछती है कि इंसान होने का हक़दार कौन है। मैं मानवता की अलग-अलग परतों को चित्रित करना चाहती हूँ।” उन्होंने इफ़्फ़ी का हिस्सा बनने पर भी खुशी जताई और भारत की अपनी यात्रा को घर वापसी जैसा बताया।


