
उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले के मोरी तहसील स्थित पवाणी गांव में मंगलवार शाम भीषण आग लगने से भारी तबाही मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते 33 आवासीय भवन जलकर राख हो गए। इस अग्निकांड में गांव का पंचायत भवन और प्राथमिक विद्यालय भी आग की चपेट में आकर पूरी तरह नष्ट हो गए। हादसे से कुल 58 परिवार प्रभावित हुए हैं। ग्रामीणों और राहत-बचाव टीमों को आग पर काबू पाने के लिए साढ़े चार घंटे से अधिक समय तक मशक्कत करनी पड़ी।
साढ़े चार घंटे बाद आग पर पाया गया काबू
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार शाम 4:49 बजे पवाणी गांव में आग लगने की सूचना मिली थी। इसके बाद प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और राजस्व विभाग की टीमें तत्काल मौके के लिए रवाना हुईं। स्थानीय ग्रामीणों ने भी आग बुझाने में राहत टीमों का सहयोग किया। काफी मशक्कत के बाद रात 9:16 बजे आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि, तब तक 33 मकान पूरी तरह जलकर राख हो चुके थे।
पंचायत भवन और प्राथमिक विद्यालय भी जलकर खाक
भीषण अग्निकांड की चपेट में गांव के 33 आवासीय भवनों के साथ पंचायत भवन और प्राथमिक विद्यालय भी आ गए। आग से 58 परिवार प्रभावित हुए हैं। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी की जान नहीं गई और न ही पशुहानि की सूचना मिली है।


