
मोहला जिले के खड़गांव थाना क्षेत्र के ग्राम सिवनी बाजोपारा में घरेलू विवाद के दौरान पत्नी ने कुल्हाड़ी से हमला कर पति की हत्या कर दी। घटना 16 नवंबर की रात की है। पुलिस के अनुसार, ग्राम सिवनी निवासी मालती बाई पुरामें (27) का पति कारजू राम शराब पीने का आदी था और नशे में अक्सर उसके साथ मारपीट करता था। घटना की रात भी शराब पीकर घर पहुंचे कारजू राम का पत्नी से विवाद हुआ। आरोप है कि मारपीट से आक्रोशित मालती बाई ने घर में रखी कुल्हाड़ी से उसके चेहरे, गर्दन और सीने पर कई वार कर दिए। गंभीर चोटों के कारण कारजू राम की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने हत्या के 24 घंटे के भीतर आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया।


