
नोएडा में दिवाली पर हुई आतिशबाजी का असर अगले दिन शहर की आबोहवा पर साफ नजर आया। रातभर चले पटाखों से निकले धुएं और जहरीले कणों ने हवा की गुणवत्ता बेहद खराब कर दी। हालात ऐसे रहे कि दिवाली की रात 12 बजे शहर का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 1061 तक पहुंच गया। प्रदूषण का स्तर इतना बढ़ गया कि लोगों को खुले में सांस लेने में भी परेशानी का सामना करना पड़ा।
सीपीसीबी के आंकड़ों के मुताबिक, दिवाली के अगले दिन सोमवार सुबह भी शहरवासियों को प्रदूषण से राहत नहीं मिली। नोएडा का सेक्टर-62 सबसे प्रदूषित इलाका दर्ज किया गया। यहां सुबह नौ बजे तक AQI 427 रिकॉर्ड किया गया। रातभर हुई आतिशबाजी के बाद हवा में प्रदूषक तत्वों की मात्रा बढ़ने से सुबह भी लोगों को खराब वायु गुणवत्ता का सामना करना पड़ा।


