
राजधानी रायपुर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र में चोरों ने एक आईफोन स्टोर को निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। चोर दुकान से 70 से अधिक महंगे आईफोन समेत अन्य सामान चोरी कर फरार हो गए। चोरी गए मोबाइल और सामान की कुल कीमत करीब 80 लाख से 1 करोड़ रुपये के बीच बताई जा रही है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, चोरों ने दुकान में घुसकर वहां रखे महंगे मोबाइल फोन को निशाना बनाया और एक-एक कर 70 से ज्यादा आईफोन समेटकर मौके से फरार हो गए। सुबह जब दुकान संचालक दुकान पहुंचा, तब चोरी की जानकारी सामने आई। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही तेलीबांधा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। आरोपियों की पहचान करने के लिए दुकान और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस दुकान में प्रवेश करने और बाहर निकलने के रास्तों के साथ संदिग्ध गतिविधियों की भी जांच कर रही है।
राजधानी में इतनी बड़ी चोरी की वारदात सामने आने से व्यापारियों में चिंता का माहौल है। फिलहाल पुलिस चोरी गए मोबाइलों की वास्तविक संख्या और कीमत का आकलन कर रही है। आरोपियों की तलाश जारी है।


