छत्तीसगढ़राज्य

रायपुर रेलवे स्टेशन पर पेयजल गुणवत्ता की जांच

रायपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे द्वारा यात्रियों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्टेशनों पर पेयजल की गुणवत्ता की नियमित एवं सघन निगरानी की जा रही है। इसी क्रम में 5 अक्टूबर 2026 को रायपुर रेलवे स्टेशन पर प्रधान मुख्य चिकित्सा निदेशक, देवेश कुमार के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा विशेष पेयजल गुणवत्ता जांच अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान रायपुर रेलवे स्टेशन के विभिन्न पेयजल स्थलों का निरीक्षण करते हुए पेयजल की गुणवत्ता की जांच की गई। इस दौरान भौतिक परीक्षण, अवशेष क्लोरीन एवं टी.डी.एस. की जांच के साथ-साथ आवश्यकतानुसार बैक्टीरियोलॉजिकल जांच हेतु पेयजल के नमूने भी एकत्रित किए गए।

जांच के दौरान प्लेटफॉर्म क्रमांक 5 पर स्थित बसंती देवी जल सेवा केंद्र के पेयजल का भौतिक परीक्षण किया गया तथा अवशेष क्लोरीन एवं टी.डी.एस. की जांच की गई। जांच में पेयजल का नमूना निर्धारित जल गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पाया गया। उल्लेखनीय है कि उक्त जल सेवा केंद्र के पानी की पूर्व में भी दिनांक 29.09.2026 एवं 01.10.2026 को जांच की गई थी, जिसमें भी पानी की गुणवत्ता निर्धारित मानकों के अनुरूप पाई गई थी।

इसी क्रम में प्लेटफॉर्म क्रमांक 5 पर स्थित नल क्रमांक 45 के पानी की भी जांच की गई, जिसमें पानी निर्धारित जल गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पाया गया। इसके अलावा प्लेटफॉर्म क्रमांक 1 के दुर्ग छोर पर स्थित वॉटर कूलर के पेयजल की गुणवत्ता की भी जांच की गई। वहीं, प्लेटफॉर्म क्रमांक 1 पर स्थित वाटर वेंडिंग मशीन से बैक्टीरियोलॉजिकल जांच हेतु पेयजल का नमूना संग्रहित किया गया।

अभियान के दौरान केवल पेयजल की गुणवत्ता की जांच तक ही सीमित न रहते हुए पेयजल स्थलों की स्वच्छता, जल वितरण व्यवस्था, पानी की उपलब्धता, उपकरणों के रखरखाव तथा यात्रियों के लिए उपलब्ध आवश्यक सुविधाओं का भी बारीकी से निरीक्षण किया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा पेयजल व्यवस्था से जुड़े विभिन्न पहलुओं का मौके पर जायजा लेकर आवश्यक सुधारात्मक उपायों पर भी ध्यान दिया गया।

प्रधान मुख्य चिकित्सा निदेशक के नेतृत्व में संचालित इस अभियान के दौरान संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पेयजल व्यवस्था की नियमित निगरानी, स्वच्छता बनाए रखने, जल गुणवत्ता के निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करने तथा यात्रियों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे द्वारा यात्रियों के स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए स्टेशनों पर पेयजल गुणवत्ता की सतत निगरानी की जा रही है। विभिन्न स्टेशनों पर समय-समय पर ऐसे विशेष जांच अभियानों के माध्यम से पेयजल की गुणवत्ता के साथ-साथ पेयजल स्थलों की स्वच्छता, रखरखाव एवं अन्य यात्री सुविधाओं की भी समीक्षा की जा रही है।

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे का निरंतर प्रयास है कि यात्रियों को यात्रा के दौरान स्वच्छ, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल सहित बेहतर मूलभूत यात्री सुविधाएं उपलब्ध हों। इसी उद्देश्य से स्टेशनों पर पेयजल एवं स्वच्छता संबंधी व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा, निरीक्षण एवं निगरानी का कार्य निरंतर जारी है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button