
गरियाबंद। जिले में गरियाबंद वन मंडल से एक दतैल हाथी के प्रवेश के बाद वन विभाग ने आसपास के कई गांवों में अलर्ट जारी किया है। हाथी धनसुली, जीवतरा और झालखमरिया के खेतों से होते हुए रेलवे लाइन पार कर कक्ष क्रमांक 66 के जंगल में पहुंच गया है। वन विभाग की टीम हाथी की गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए है।
जानकारी के अनुसार, दतैल हाथी के आगे बढ़ने की संभावना को देखते हुए वन विभाग ने गौरखेड़ा, उमरदा, अरंड, मुड़मार, पतेरापाली, सिरगिड़ी और सोरिद सहित आसपास के गांवों के ग्रामीणों को सतर्क रहने की अपील की है। ग्रामीणों को हाथी से सुरक्षित दूरी बनाए रखने और जंगल या खेतों की ओर अकेले नहीं जाने की सलाह दी जा रही है।


