
छत्तीसगढ़ में जुलाई के आखिरी दिनों में मौसम लगातार करवट ले रहा है। प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश का दौर जारी है, जबकि मध्य छत्तीसगढ़ के कई क्षेत्रों में अपेक्षाकृत कम बारिश के कारण तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। इस बीच मौसम विभाग ने रविवार, 26 जुलाई को प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई है। रायपुर, गरियाबंद और धमतरी समेत कई जिलों के लिए तेज हवा, आकाशीय बिजली और बारिश का रेड अलर्ट भी जारी किया गया है।
शनिवार को रायपुर 33 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान के साथ प्रदेश के गर्म इलाकों में रहा। राजधानी में पिछले दो दिनों से तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिली है। वहीं पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
रविवार को कैसा रहेगा छत्तीसगढ़ का मौसम?
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार रविवार को प्रदेश में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। कुछ स्थानों पर तेज हवा और आकाशीय बिजली गिरने का खतरा भी बना रह सकता है।


