छत्तीसगढ़राज्य

पुलिस की त्वरित कार्रवाई: 34 घंटे में झपटमार गिरफ्तार, लूटा गया सामान बरामद

रायपुर। रायपुर में झपटमारी की वारदात का पुलिस ने महज 34 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से करीब 10 लाख रुपये कीमत के सोने के जेवर, मोबाइल फोन और वारदात में प्रयुक्त एक्टिवा वाहन बरामद किया गया है। आरोपी के खिलाफ पहले से लूट, चोरी, झपटमारी, मारपीट और आर्म्स एक्ट सहित लगभग एक दर्जन आपराधिक मामले दर्ज हैं।

पुलिस के अनुसार, कबीरधाम निवासी चंद्रिका देवांगन 2 जुलाई को अपने नाती के जन्मदिन समारोह में शामिल होने रायपुर आई थीं। सुबह करीब 6 बजे वह अपने पति के साथ सरोना चौक की ओर जा रही थीं। इसी दौरान राधाकृष्ण मंदिर के पास स्कूटी सवार बदमाश ने उनके कंधे पर टंगा पर्स झपट लिया और फरार हो गया। पर्स में सोने के आभूषण और मोबाइल फोन रखा हुआ था। प्रार्थिया की शिकायत पर थाना डी.डी. नगर में अपराध दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) संदीप पटेल के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना डी.डी. नगर पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई।
टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले, फरार होने के संभावित रास्तों का तकनीकी विश्लेषण किया और मुखबिरों की मदद से आरोपी की पहचान शेख अख्तर उर्फ कल्लू निवासी टिकरापारा के रूप में की। पूछताछ में आरोपी ने वारदात स्वीकार कर ली। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने सोने का रानी हार, चेन, झुमके, ईयरिंग, मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त एक्टिवा जब्त की। बरामद सामान की कुल कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ राजधानी के विभिन्न थानों में लूट, चोरी, झपटमारी और अन्य गंभीर अपराधों के करीब एक दर्जन मामले दर्ज हैं तथा वह पहले भी जेल जा चुका है। आरोपी के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button