
देश में मानसून अब तेजी से आगे बढ़ रहा है, लेकिन इसके साथ कई राज्यों में तबाही भी देखने को मिल रही है। पूर्वोत्तर भारत में लगातार बारिश से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है। सिक्किम और असम में पुल बह गए हैं, जबकि अरुणाचल प्रदेश में बादल फटने और भूस्खलन के कारण सात जिलों का सड़क संपर्क टूट गया है। उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा और आसपास के इलाकों में भीषण गर्मी और लू का असर जारी है। हालांकि भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) का कहना है कि अगले कुछ दिनों में उत्तर भारत में मानसून के आगे बढ़ने से राहत मिलने की उम्मीद है। विभाग के अनुसार अगले पांच दिनों तक पूर्वोत्तर भारत तथा उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।
उत्तरी सिक्किम के जोंगू क्षेत्र में शनिवार रात हुई भारी बारिश के कारण फी खोला पर बना पुल बह गया। इससे फिदांग-सांकलांग मार्ग पर यातायात पूरी तरह बंद हो गया है। दक्षिण सिक्किम के लिंगी क्षेत्र के अपर काव खोला इलाके में भी भारी नुकसान हुआ है। वहीं असम के धेमाजी जिले में केमी और ओयान को जोड़ने वाला तीन सौ मीटर लंबा पुल बह गया। जिससे आवागमन ठप हो गया है। अरुणाचल में 24 घंटों में भारी बारिश से बहुत भारी बारिश हुई, जबकि अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई।


