Google Analytics
छत्तीसगढ़राज्य

छत्तीसगढ़ में खोले जाएंगे माय भारत के 17 नए कार्यालय

नया रायपुर स्थित ट्रिपल आईटी में आयोजित ‘माय भारत बजट क्वेस्ट 2026’ का भव्य शुभारंभ एवं समापन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत संचालित इस राष्ट्रीय पहल ने युवाओं को बजट और नीति-निर्माण की प्रक्रिया से जोड़ने का एक प्रभावी मंच प्रदान किया। देशभर से लगभग 30 हजार प्रतिभागियों में से चयनित 471 युवाओं की उपस्थिति ने कार्यक्रम की व्यापकता और प्रतिस्पर्धात्मकता को दर्शाया।

माय भारत बजट क्वेस्ट 2026 का भव्य आयोजन

कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर छत्तीसगढ़ के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि “युवा शक्ति ही विकसित भारत की वास्तविक शक्ति है।” उन्होंने बताया कि बजट केवल आंकड़ों का संकलन नहीं, बल्कि देश के विकास का रोडमैप होता है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे इस मंच का उपयोग सीखने, सोचने, प्रश्न पूछने और अपने विचार प्रस्तुत करने के लिए करें, जिससे लोकतंत्र और अधिक सशक्त बन सके। उन्होंने यह भी कहा कि करदाताओं के धन के उपयोग की जानकारी प्रत्येक नागरिक, विशेषकर युवाओं को होना आवश्यक है, जिससे उत्तरदायित्व और जागरूकता की भावना विकसित होती है।

माय भारत बजट क्वेस्ट 2026 का भव्य आयोजन

माय भारत छत्तीसगढ़ के राज्य निदेशक अर्पित तिवारी ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि ‘माय भारत’ पहल की घोषणा 31 अक्टूबर 2023 को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा की गई थी। यह संस्था युवाओं के लिए, युवाओं के साथ और युवाओं द्वारा कार्य करती है, जिसका मूल मंत्र “सेवा से संस्कार” है। उन्होंने बताया कि देश के सभी 763 जिलों में माय भारत कार्यालय स्थापित किए जाने की योजना है, जिनमें से छत्तीसगढ़ में 17 नए कार्यालय खोले जाएंगे। इन कार्यालयों के माध्यम से युवाओं के क्षमता संवर्धन, प्रशिक्षण एवं यूथ एक्सचेंज कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।

माय भारत बजट क्वेस्ट 2026 का भव्य आयोजन

ट्रिपल आईटी नवा रायपुर के डायरेक्टर ओमप्रकाश व्यास ने अपने स्वागत उद्बोधन में कहा कि चयनित 471 प्रतिभागियों की उपस्थिति उनकी प्रतिभा, परिश्रम और प्रतिबद्धता का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि यह एक ऐतिहासिक अवसर है, जब युवाओं को केवल योजनाओं का लाभार्थी नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया का सक्रिय भागीदार बनाया जा रहा है।

दो दिवसीय इस कार्यक्रम में मानव पूंजी विकास और विकसित कृषि जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय विषयों पर सारगर्भित चर्चाएं आयोजित की गईं, जिन्होंने प्रतिभागियों के बीच संवाद, नवाचार और नीति-उन्मुख सोच को प्रोत्साहित किया। इस आयोजन ने युवाओं को बजटीय एवं विकासात्मक ढांचों को समझने, उन पर विचार-विमर्श करने और उनमें योगदान देने का अवसर प्रदान किया।

समापन सत्र में कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और युवाओं को विकसित भारत 2047 के संकल्प को साकार करने के लिए प्रेरित किया। सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल ने विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यक्रम में भाग लेते हुए बजट के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम का एक प्रमुख आकर्षण केंद्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्री श्री मनसुख मंडाविया का वर्चुअल संबोधन रहा, जिसमें उन्होंने युवाओं की भूमिका को विकसित भारत के निर्माण में अत्यंत महत्वपूर्ण बताया और उन्हें समावेशी एवं सतत विकास की दिशा में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के अंत में माय भारत छत्तीसगढ़ के डिप्टी डायरेक्टर नितिन शर्मा ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। यह आयोजन युवा-नेतृत्व वाले परिवर्तन के सशक्त संदेश के साथ संपन्न हुआ, जिसने यह सिद्ध किया कि जब युवाओं को उचित मंच और अवसर मिलता है, तो वे राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। ‘माय भारत बजट क्वेस्ट 2026’ न केवल एक प्रतियोगिता, बल्कि युवाओं को जागरूक, सक्षम और उत्तरदायी नागरिक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में उभरा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button