
सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय के अंतर्गत एनएसओ द्वारा आयोजित आवधिक श्रम बल सर्वेक्षण (पीएलएफएस) आबादी की गतिविधि भागीदारी और रोजगार और बेरोजगारी की स्थिति पर आंकड़ों का प्राथमिक स्रोत है। देश के लिए श्रम बल संकेतकों के मासिक और तिमाही अनुमान प्रदान करने के लिए जनवरी, 2025 से पीएलएफएस सर्वेक्षण पद्धति को संशोधित किया गया है।
पीएलएफएस के मासिक परिणाम मासिक बुलेटिन के रूप में जारी किए जाते हैं। यह वर्तमान साप्ताहिक स्थिति (सीडब्ल्यूएस) दृष्टिकोण के बाद अखिल भारतीय स्तर पर प्रमुख श्रम बाजार संकेतकों जैसे श्रम बल भागीदारी दर (एलएफपीआर), श्रमिक जनसंख्या अनुपात (डब्ल्यूपीआर) और बेरोजगारी दर (यूआर) के अनुमान प्रस्तुत करता है।
अप्रैल, 2025 से दिसंबर, 2025 तक के मासिक बुलेटिन पहले ही जारी किए जा चुके हैं। जनवरी, 2026 के लिए वर्तमान मासिक बुलेटिन इस श्रृंखला का दसवां बुलेटिन है।
श्रम बल भागीदारी दर (एलएफपीआर) में लगातार रुझान दिख रहा है:
जनवरी, 2026 में 15 वर्ष और उससे ज़्यादा उम्र के लोगों में कुल एलएफपीआर 55.9% रही। जनवरी, 2026 में ग्रामीण एलएफपीआर 58.7% थी, जबकि दिसंबर, 2025 में यह 59.0% थी। जनवरी, 2026 में शहरी एलएफपीआर 50.3% देखी गई, जबकि दिसंबर, 2025 में यह 50.2% थी।


