Google Analytics
मध्य प्रदेशराज्य

भारत टेक्स ग्लोबल एक्सपो-2025 में प्रदेश की सांस्कृतिक धरोहर को मिला वैश्विक मंच

भोपाल। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को नई दिल्ली में भारत टैक्स ग्लोबल एक्सपो-2025 का शुभारंभ किया। उन्होंने इसे भारत की पारंपरिक परिधान परम्परा और आधुनिक टेक्सटाइल का संगम कहा। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने कहा कि यह एक्सपो भारत की समृद्ध परिधान परम्परा को वैश्विक मंच प्रदान करेगा।

भारत मण्डपम में आयोजित इस भव्य आयोजन में 120 से अधिक देशों के प्रतिनिधियों और निवेशकों ने भाग लिया। मध्यप्रदेश सरकार ने 14 से 17 फरवरी, 2025 को नई दिल्ली में भारत टेक्स-2025 में पार्टनर स्टेट के रूप में अपनी सहभागिता सुनिश्चित की, जो प्रदेश की सांस्कृतिक धरोहर को वैश्विक मंच प्रदान करेगी।

मध्यप्रदेश इण्डस्ट्रियल डेव्हलपमेंट कॉर्पोरेशन ने राज्य के वस्त्र, गारमेंट और अपेरेल उद्योग की समृद्धि और विकास को प्रदर्शित करने के लिये भव्य मध्यप्रदेश स्टेट पेवेलियन स्थापित किया। पेवेलियन में राज्य की विशेष नीतियों और उद्योग के विकास में मिली सफलता को प्रमुखता से दर्शाया गया।

पेवेलियन में प्रमुख आकर्षण के रूप में मध्यप्रदेश द्वारा स्थापित किया गया पीएम मित्रा पार्क, जो धार जिले में स्थित है, को विशेष रूप से प्रदर्शित किया गया। इस पार्क के माध्यम से राज्य में वस्त्र उद्योग को लेकर राज्य सरकार द्वारा किये गये निवेश और प्रोत्साहनों को उजागर किया गया। राज्य के वस्त्र ओडी ओपी (वन डिस्ट्रिक-वन प्रोडक्ट) उत्पादों को विशिष्टता से दर्शाया गया।

बाग प्रिंट बना आकर्षण का केन्द्र

भारत टेक्स ग्लोबल एक्सपो-2025 में मध्यप्रदेश के धार जिले की विश्व प्रसिद्ध बाग प्रिंट ने अंतर्राष्ट्रीय व्यापारियों और डिजायनर्स को अपनी पारम्परिक कला से आकर्षित किया। विभिन्न देशों में अमेरिका, ब्राजील, फ्रांस, यूनाइटेड किंगडम, साउथ अफ्रीका, इण्डोनेशिया, तुर्की, कजाकिस्तान और बांग्लादेश सहित कई देशों के फैशन डिजाइनरों और बॉयर्स ने बाग प्रिंट की बारीकियों को समझा और सीखा। विदेशी खरीददारों ने बाग प्रिंट को अपने ब्रॉण्ड के परिधानों में शामिल करने में रुचि दिखायी और वैश्विक बाजार में बढ़ावा देने की बात कही। भारत टेक्स ग्लोबल एक्सपो-2025 में अतिथियों को भोपाल में होने वाली इन्वेस्टर्स समिट के ब्रोशर पर बाग प्रिंट का ठप्पा लगाकर भेंट किया गया।

ग्लोबल एक्सपो के आयोजन में मध्यप्रदेश इण्डस्ट्रियल डेव्हलपमेंट कॉर्पोरेशन की सहभागिता न केवल एक बड़ी सफलता रही, बल्कि इससे राज्य के वस्त्र और गारमेंट क्षेत्र के लिये नये अवसरों और संभावनाओं का मार्ग प्रशस्त हुआ। यह भागीदारी प्रदेश के वैश्विक निवेशकों के साथ संबंधों को और भी प्रगाढ़ करने का एक महत्वपूर्ण कदम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button